आजजुडवां शहर रहे पूरी तरह से बंद

अचलपुर व परतवाडा में आज एक भी दुकान नहीं खुली

* वायरल वीडियो मामले को लेकर दिखी जबरदस्त रोष व संताप की लहर
अचलपुर/परतवाडा/दि.15 – दो दिन पूर्व अचलपुर-परतवाडा में उजागर सेक्स स्कैंडल मामले का निषेध करने हेतु आज अचलपुर व परतवाडा शहर में बंद का आवाहन किया गया था, जो पूरी तरह से सफल रहा. आज सुबह से दोनों शहरों में कोई भी व्यापारिक प्रतिष्ठान नहीं खुला और पूरा दिन जुडवां शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा दिखाई दिया. इस जरिए लोगों ने भोलभाली, मासूम व नाबालिग युवतियों को ‘लव ट्रैप’ में फांसकर उनका यौन शोषण करने तथा ब्लैकमेलिंग करते हुए उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से उनके आपत्तिजनक फोटोज व वीडियोज को सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने की घटना का कडा निषेध दर्ज कराया.
बता दें कि, दो दिन पूर्व अचलपुर-परतवाडा शहर में रहनेवाले कई लोगों के वॉटस्एप ग्रुप सहित इंस्टा व स्नैपचैट जैसे सोशल मीडिया अकाउंट पर एक युवक के कुछ युवतियों के साथ वाले आपत्तिजनक फोटोज व वीडियोज आने शुरु हुए थे. जिसकी जानकारी देखते ही देखते समाज के कुछ प्रतिष्ठितों एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुंची थी. जिसके बाद इस मामले की जानकारी परतवाडा पुलिस सहित ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को दी गई थी. जिसके उपरांत पता चला था कि, उन आपत्तिजनक वीडियोज में दिखाई देनेवाला युवक परतवाडा के गटरमलपुरा परिसर में रहनेवाला अयान अहमद तनवीर अहमद है. जिसके बाद परतवाडा पुलिस ने मामले का स्वसंज्ञान लेते हुए जांच शुरु की और अयान अहमद को अपने हिरासत में लिया. जिसके चलते अयान अहमद द्वारा चलाए जा रहे सेक्स स्कैंडल का खुलासा हुआ और पता चला कि, अयान अहमद ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर परतवाडा व अचलपुर सहित अमरावती, अकोला व नागपुर जैसे शहरों से वास्ता रखनेवाली कई युवतियों को सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रेमजाल में फांसा था और फिर उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाते हुए उनके अश्लील व आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी बनाए थे. जिनके जरिए अयान अहमद द्वारा अपने जाल में फंसी युवतियों को ब्लैकमेल करते हुए उनसे धन उगाही भी की जाती थी. साथ ही उन युवतियों को बदनाम करने के उद्देश्य से उनके फोटो व वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था. इस जानकारी के सामने आते ही परतवाडा व अचलपुर सहित पूरे जिले में जबरदस्त रोष व संताप की लहर व्याप्त होने के साथ ही अच्छा-खासा हडकंप भी मच गया था.
इन्हीं तमाम बातों को देखते हुए भाजपा व कुछ हिंदुत्ववादी संगठनों द्वारा अचलपुर व परतवाडा के व्यापारी संगठनों को विश्वास में लेते हुए इस घटना का निषेध करने हेतु आज जुडवां शहर बंद का आवाहन किया गया था. जिसे अचलपुर व परतवाडा के व्यापारियों की ओर से जबरदस्त प्रतिसाद भी मिला. जिसके चलते आज आहुत किया गया जुडवां शहर बंद शत-प्रतिशत सफल रहा.

Back to top button