अवैध झुग्गी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन
रहाटगांव के संभाजी महाराज चौक पर तनावपूर्ण स्थिति

* प्रशासन को आठ दिन का अल्टिमेटम
अमरावती/ दि. 15- शहर के संभाजी महाराज चौक पर अवैध झुग्गी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के नेता वैभव बघणे के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया. इस दौरान इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बन गई.
प्रदर्शन के दौरान झुग्गी में रहने वाले लोग और प्रदर्शनकारी आमने-सामने आ गए, जिससे माहौल गर्म हो गया. स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और झुग्गीवासियों को वहां से हटाकर हालात को नियंत्रण में किया. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि बिना अनुमति के झुग्गी बनाई गई है, जिससे क्षेत्र में अतिक्रमण और अन्य समस्याएं बढ़ रही हैं. उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को 8 दिन का अल्टीमेटम दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर झुग्गी को हटाया नहीं गया, तो वे और अधिक उग्र आंदोलन करेंगे. पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को शांत किया गया, लेकिन क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव बना रहा. प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.





