परतवाडा यौन शोषण मामले में बडा खुलासा : अब तक कुल 8 आरोपी लिए गए हिरासत में
यौन शोषण के लिए होता था कठोरा रोड परिसर की इमारत का प्रयोग

* अयान का दोस्त अपने फ्लैट में किराए पर देता था कमरा
* परतवाडा मामले में और 4 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
* आज गिरफ्त में लिए गए आरोपियों को अचलपुर की अदालत में किया गया पेश
* चारों आरोपियों की मामले में भूमिका को लेकर चल रही जांच, अन्य कुछ आरोपी भी एसआईटी के राडार पर
अमरावती/दि.16 – तीन दिन पहले परतवाडा में उजागर हुए यौन शोषण मामले में परतवाडा पुलिस सहित इस मामले की जांच हेतु गठित एसआईटी ने इससे पहले जहां एक ओर मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी. वहीं आज इस मामले में एसआईटी ने और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया. जिसके चलते इस मामले में पकडे गए आरोपियों की संख्या अब 8 पर जा पहुंची है. इससे पहले हिरासत में लिए गए आरोपियों को जहां पहले ही अदालत के समक्ष पेश करते हुए 21 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी रिमांड में लिया गया था, वहीं आज गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को एसआईटी की टीम द्वारा अचलपुर के अतिरिक्त जिला व सत्र न्यायाधीश के समक्ष पेश करते हुए उन्हें पुलिस कस्टडी रिमांड में दिए जाने की मांग की गई.
इस संदर्भ में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि, आज हिरासत में लिए गए आरोपियों में अचलपुर के एहफाक खान मंसूर खान, शेख नावेद शेख हसन, मो. इमरान मो. सादीक तथा वर्धा के मानव दीपक सुगंधे का समावेश है. वहीं इससे पहले इस मामले में मुख्य आरोपी अयान अहमद सहित उजेर खान, मोहम्मद सहाद एवं तबरेज खान का समावेश था. ये चारों ही आरोपी परतवाडा परिसर के ही निवासी है. वहीं आज पकडे गए तीन आरोपियों का वास्ता अचलपुर से है तथा इस मामले में पहली बार जुडवां शहर से बाहर यानि वर्धा में रहनेवाले आरोपी की गिरफ्तारी हुई है. जिसके चलते अब इस मामले का दायरा बढता दिखाई दे रहा है. ऐसे में पुलिस द्वारा सभी आरोपियों की इस मामले में भूमिका को लेकर जांच-पडताल कर रही है. साथ ही साथ सभी आरोपियों के मोबाइल जब्त करते हुए उनके संपर्कसूत्रों व कनेक्शनों को खंगाला जा रहा है.
यौन शोषण के इस मामले में तेजी के साथ कार्रवाई करते हुए परतवाडा पुलिस सहित ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं विशेष जांच दल के अधिकारियों ने इस मामले की पीडिताओं और उनके परिजनों के नाम एक अपील भी जारी की है. जिसमें कहा गया है कि, वे बिना किसी डर के आगे आकर शिकायत दर्ज कराएं. प्रशासन ने उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है. साथ ही, सोशल मीडिया पर पीड़ितों की पहचान उजागर करने वाली सामग्री साझा न करने की चेतावनी भी दी गई है. विशेष उल्लेखनीय है कि, इस मामले में शिकायत दर्ज कराने हेतु अब तक पीडित पक्ष की ओर से कोई भी सामने नहीं आया है, बल्कि पुलिस ने मामला उजागर होने के बाद स्वसंज्ञान लेते हुए ‘सुमोटो कम्प्लेंट’ दर्ज की है. जिसके चलते पुलिस द्वारा इस मामले में किसी पीडित पक्ष की ओर से शिकायत मिलने का इंतजार किया जा रहा है.
* यौन शोषण मामले में अपराधिक गठजोड की संभावनाओं को खंगाला जा रहा
– आठों आरोपियों के घरों की ली गई तलाशी, कई इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस जब्त, फॉरेन्सिक जांच हेतु भेजे गए
– एक प्रमुख घटनास्थल का भी हुआ पंचनामा, ग्रामीण एसपी विशाल आनंद ने पत्रवार्ता में दी जानकारी
वहीं आज दोपहर बाद इस पूरे मामले को लेकर विस्तार के साथ जानकारी देने हेतु ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने अपने कार्यालय में पत्रवार्ता बुलाते हुए बताया कि, परतवाडा के यौन शोषण मामले में मुख्य आरोपी अयान अहमद सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जिसमें से अयान अहमद ने ही अलग-अलग पीडिताओं के साथ यौन शोषण करते हुए उनके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो निकाले थे. वहीं अन्य 6 आरोपियों ने उन सभी फोटो व वीडियोज को सोशल मीडिया पर वायरल करने का काम किया था. इसके साथ ही एसपी आनंद यह भी स्पष्ट किया कि, अमरावती शहर के कठोरा मार्ग परिसर स्थित जिस घर में एक पीडिता के साथ लैंगिक अत्याचार किया गया था, उस घर का भी पंचनामा करते हुए उस मकान मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है. जिसके चलते अब इस मामले में लिप्त आरोपियों की संख्या 8 हो गई है. वहीं अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि, क्या इन सभी आरोपियों के बीच कोई अपराधिक गठजोड था और क्या ऐसे फोटोज व वीडियोज के दम पर पीडिताओं को ब्लैकमेल करते हुए उनसे धन उगाही करने का काम किया जा रहा था. इसके साथ ही एसपी विशाल आनंद ने यह भी बताया कि, इस मामले में पकडे गए सभी आरोपियों के घरों की तलाशी लेते हुए वहां से लैपटॉप, टेब व मोबाइल जैसे कई इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस व गैजेट जब्त किए है. जिन्हें जांच हेतु फॉरेन्सिक लैब भेज दिया गया है. इस मामले में जैसे-जैसे साक्ष मिलते जाएंगे, वैसे-वैसे पुलिस द्वारा अपनी जांच के दायरे को बढाया जाएगा. साथ ही जरुरत पडने पर कुछ निजी कोचिंग संस्थानों को भी जांच के दायरे में लिया जाएगा. इसके अलावा एसपी विशाल आनंद ने यौन शोषण का शिकार हुई पीडिताओं और उनके परिजनों से एक बार फिर यह आग्रह किया कि, वे सामने आकर अपनी शिकायत दर्ज कराए, ताकि पुलिस द्वारा अपनी जांच को तेजी के साथ आगे बढाया जा सके. एसपी आनंद ने स्पष्ट किया कि, पुलिस द्वारा पीडिताओं और उनके परिजनों की पहचान को हर हाल में गुप्त रखा जाएगा. साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से भी यह आवाहन किया कि, वे इस मामले को लेकर किसी भी तरह की बेसिर-पैर वाली खबरे न फैलाएं. साथ ही किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान भी न दे.





