कांग्रेस निरीक्षक आफताब अहमद ने की मुस्लिम समाज से अहम चर्चा

बुध्दिजीवियों, अनेक संस्थाओं के जिम्मेदार हुए सहभागी

* एड. शेख सुलतान के घर मीटिंग में पहुंचे मान्यवर
* समाज मान्य नेतृत्व दिए जाने की मांग
* विधायक आफताब अहमद ने दिया हाईकमान से बात करने का आश्वासन
अमरावती/ दि.18 – कांग्रेस के अमरावती जिला निरीक्षक और हरियाणा विधानसभा के सदस्य आफताब अहमद ने गत रात एड. शेख सुलतान के निवास पर मुस्लिम समाज के विभिन्न संगठनों, संस्थाओं और प्रमुख नेता व कार्यकर्ताओं से अहम चर्चा मशवरा किया. मुस्लिम समाज का बडा तबका कांगे्रेस से दूर क्यों जा रहा. इस विषय पर खास तौर से चर्चा होने की जानकारी है. अनेक पदाधिकारियों, जिम्मेदारों ने अपनी बात रखी. मीटिंग में मुस्लिम समाज के कांग्रेस से दूर जाने की कई वजह सामने आयी और विधायक आफताब अहमद ने इस बारे में कांग्रेस हाईकमान से चर्चा करने का भरोसा उपस्थितों को दिलाया.
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के निरीक्षक पार्टी के अमरावती पदाधिकारी चुनने के लिए तीन दिनों से अमरावती में मेल मुलाकातों के दौर चला रहे हैं. उन्होंने पखवाडे भर पहले ही घोषित कर दिया था कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने वे पार्टी के प्रत्येक छोटे- बडे कार्यकर्ता से मशवरा करेंगे. चर्चा के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेंगे. इसी कडी में गत रात पूर्व डीवायएसपी शेख सुलतान के घर पर अहम मीटिंग रखी गई थी.
मीटिंग में जमात उलेमान हिंद के हाफीज, मौलाना और सभी शामिल हुए. उसी प्रकार अनेक साामाजिक संगठनों, संस्थाओं से तालुक रखनेवाले जिम्मेदार लोग बैठक में न केवल आए बल्कि उन्होंने अपने विचार प्रखरता से रखे. पेशे से एडवोकेट, इंजीनियर, अध्यापक, उद्योगपति सभी वर्ग के लोग विधायक आफताब अहमद से चर्चा करने, अपनी बात रखने पधारे थे. करीब 4 घंटे चली मीटिंग में अनेकानेक जिम्मेदारों ने अपनी बात रखी. कांग्रेस को लेकर चल रही चर्चा और शिकायतें भी रखी. जिसे सुनने के बाद विधायक एवं अमरावती जिला निरीक्षक आफताब अहमद ने भरोसा दिलाया कि आज की मीटिंग में उठाए गये सभी मुद्दों को वे पार्टी आलाकमान के सामने रखने की कोशिश करेंगे. मीटिंग में लोगों ने राय रखी कि कांग्रेस को ऐसे लोगों को पद और जिम्मेदारी देनी चाहिए. जिनकी मुस्लिम समाज में पैठ हो, इस विषय पर भी आफताब अहमद ने सकारात्मक रूख दर्शाया.

Back to top button