कांग्रेस का महिला विरोधी चेहरा व चरित्र उजागर
मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस पर किया तीखा हमला

* नारीशक्ति विधेयक को लेकर घेरा, कहा जनता सबक सिखाएगी
नागपुर/दि.18 – राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने नारीशक्ति से जुड़े विधेयक को लेकर कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने लोकसभा में इस विधेयक के खिलाफ मतदान कर महिलाओं के प्रति अपनी नकारात्मक मानसिकता उजागर कर दी है. मंत्री बावनकुले ने कहा कि कांग्रेस ने कभी महिलाओं को सम्मान नहीं दिया और पूर्व में भी ऐसे विधेयकों का विरोध किया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने करोड़ों महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बाधित करने का काम किया है. कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे पर जताए गए उत्सव को उन्होंने महिलाओं का अपमान बताया.
मंत्री बावनकुले के मुताबिक यह विषय राजनीति का नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वाभिमान और सम्मान का है, और देश की महिलाएं इसका जवाब आगामी चुनावों में देंगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य सीटें बढ़ाकर महिलाओं को अधिक अवसर देना था. इससे अनुसूचित जाति और अन्य वर्गों को भी लाभ मिलता. उन्होंने कहा कि बड़े निर्वाचन क्षेत्रों के कारण जनप्रतिनिधियों तक पहुंच मुश्किल होती है, जबकि छोटे क्षेत्रों से जनता की समस्याओं का समाधान बेहतर तरीके से हो सकता है.
इसके अलावा राजस्व मंत्री बावनकुले ने कहा कि यदि यह प्रक्रिया लागू होती तो ओबीसी वर्ग का आरक्षण भी बढ़ता, लेकिन विपक्ष के रुख से यह संभव नहीं हो सका. उन्होंने दावा किया कि इस फैसले का राजनीतिक परिणाम विपक्ष को भुगतना पड़ेगा.
* परतवाड़ा प्रकरण पर दी सतर्क प्रतिक्रिया
नागपुर में मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत के दौरान मंत्री बावनकुले ने अमरावती के परतवाड़ा मामले पर कहा कि पुलिस आधुनिक तकनीक, फॉरेंसिक और डिजिटल जांच के जरिए मामले की तह तक पहुंच रही है. उन्होंने बताया कि सात मोबाइल जब्त किए गए हैं और पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट टिप्पणी की जाएगी. साथ ही उन्होंने सभी से अपील की कि जांच पूरी होने तक कोई भी भ्रामक बयान न दें.
* अन्य मुद्दों पर भी रखी राय
इसके अलावा अमृता फडणवीस से जुड़े प्रकरण पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं मामले पर नजर रखे हुए हैं और जांच गोपनीयता के साथ जारी है. वहीं पानी की कमी को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 50 प्रतिशत जल उपयोग की सलाह दी है और संभावित सूखे को देखते हुए नागरिकों से जल संरक्षण की अपील की है. वहीं रोहित पवार के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास अतिरिक्त जानकारी है तो वह पुलिस को सौंपे, न कि मीडिया में बयानबाजी करे. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी संवेदनशील मामले पर अंतिम पुलिस रिपोर्ट आने तक सार्वजनिक चर्चा से बचना चाहिए.





