शिवसेना से अभिजीत अडसूल का नाम चर्चा में
विधान परिषद की 10 सीटों के चुनाव

* नीलम गोर्हे को भी मिल सकती दोबारा संधि
मुंबई /दि.18- दर्यापुर से विधायक रह चुके कैप्टन अभिजीत अडसूल को शिवसेना शिंदे गट द्वारा आगामी 12 मई को होने जा रहे विधान परिषद के 10 स्थानों के चुनाव हेतु उम्मीदवारी दिये जाने की चर्चा यहां जोरों पर है. शिवसेना शिंदे गट के दो विधायक उच्च सदन में जाएंगे. कहा जा रहा है कि, पूर्व उपसभापति डॉ. नीलम गोर्हे को पुन: अवसर दिया जाना लगभग तय माना जा रहा है. वहीं दूसरी सीट के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंदराव अडसूल के सुपुत्र और पार्टी में सचिव पद की जवाबदारी निभा रहे युवा नेता अभिजीत अडसूल के साथ राहुल शेवाले का नाम चर्चित है. हालांकि शीतल म्हात्रे और शायना एनसी भी प्रयत्नशील बतायी जा रही हैं.
यहां व्याप्त चर्चा के अनुसार पश्चिम विदर्भ में शिवसेना को मजबूत करने के लिए अभिजीत अडसूल को विधान परिषद में भेजा जा सकता है. उनके पिता यहां से पांच बार सांसद रहे हैं. तीन बार बुलढाणा और दो बार अमरावती संसदीय क्षेत्र का आनंदराव अडसूल ने प्रतिनिधित्व किया. केंद्र में मंत्री भी बने थे. ऐसे में अभिजीत अडसूल को अमरावती मेें पार्टी को मजबूत करने के लिए उच्च सदन का सदस्य बनाया जा सकता है. बता दें कि, भाजपा ने यहां से श्रीकांत भारतीय को अवसर दे रखा है. उसी प्रकार राष्ट्रवादी कांग्रेस ने पश्चिम विदर्भ में परचम लहराते रखने के लिए पिछले वर्ष संजय खोडके को उच्च सदन का सदस्य बनाया. वे पार्टी में प्रदेश महासचिव का भी जिम्मा संभाल रहे हैं.
* उद्धव ठाकरे का नाम तय
इस बीच खबर के अनुसार शिवसेना उबाठा ने अपने नेता उद्धव ठाकरे का नाम तय कर लिया है. उद्धव पहले भी उच्च सदन के सदस्य रहे हैं. संख्याबल में महाविकास आघाडी से एक ही विधायक चुना जाना है. जिस पर शिवसेना ने उद्धव ठाकरे का ही नाम पक्का कर लिया है. आगामी 30 अप्रैल तक नामांकन दायर करना है. उल्लेखनीय है कि, विधानसभा से ही उच्च सदन के लिए सदस्य चुने जाते हैं.
* भाजपा में अनेक नाम चर्चित
उच्च सदन के लिए बीजेपी ने पांच स्थानों के लिए अनेक नाम चर्चित हो रहे हैं. केशव उपाध्ये, माधवी नाइक, संजय केनेकर, प्रमोद जठार, रणजीतसिंह निंबालकर, राम सातपुते, दौलत शितोले के नाम शामिल है. कांग्रेस से भाजपा में आयी प्रज्ञा सातव को उम्मीदवारी मिलना तय है. भाजपा इस चुनाव में सर्वाधिक 6 सदस्य उच्च सदन में भेज सकती है.





