परतवाडा यौन शोषण कांड में पालकमंत्री बावनकुले ने किया बडा खुलासा
अयान के खिलाफ गवाही देने एक पीडिता आई सामने

* नागपुर से अमरावती पहुंचकर पुलिस के सामने दर्ज कराया बयान
* अन्य पीडिताओं से भी बिना डरे आगे आकर शिकायत देने कहा
* सभी पीडिताओं के नाम व पहचान को पूरी तरह गुप्त रखने का किया वादा
* मंत्री बावनकुले ने पुलिस की जांच और कार्रवाई पर जताया संतोष
* सभी आरोपियों के एक-एक लिंक को खंगालने की बात भी कही
अमरावती/दि.18 – जुडवां शहर में उजागर हुए युवतियों के यौन शोषण तथा उनके आपत्तिजनक व अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले की जांच कर रही एसआईटी के हाथ उस समय बडी सफलता लगी, जब अयान अहमद द्वारा किए गए यौन शोषण व ब्लैकमेलिंग का शिकार रहनेवाली एक पीडिता ने ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसआईटी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया. उल्लेखनीय है कि, अब तक इस मामले में शिकायत दर्ज कराने हेतु कोई भी पीडिता सामने नहीं आई थी. जिसके चलते सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आपत्तिजनक फोटो व वीडियो को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद के निर्देश पर परतवाडा पुलिस ने स्वसंज्ञान लेते हुए ‘सुओमोटो’ अपराध दर्ज किया था. जिसके आधार पर एक-एक कर 8 आरोपी भी पकडे गए थे. वहीं आज अमरावती के दौरे पर पहुंचे राज्य के राजस्व मंत्री एवं जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत के दौरान खुद यह जानकारी दी है कि, अब इस मामले में नागपुर से वास्ता रखनेवाली एक पीडिता ने आगे आते हुए अपना बयान दर्ज कराया है. साथ ही पालकमंत्री बावनकुले ने अन्य सभी पीडिताओं से भी इसी तरह बिना डरे हुए थोडी हिम्मत दिखाकर आगे आने तथा जांच दल को अपनी आपबीती बताते हुए आरोपी अयान अहमद के खिलाफ बयान दर्ज कराने की अपील की. इस समय पालकमंत्री बावनकुले ने यह आश्वासन भी दिया कि, किसी भी पीडिता के नाम और पहचान को उजागर नहीं किया जाएगा, बल्कि उनकी जानकारी को पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा.
आज अमरावती के दौरे पर पहुंचते ही पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शहर पुलिस आयुक्त राकेश ओला एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद के साथ बंद द्वार चर्चा की. इस समय अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक प्रवीण तायडे भी उपस्थित थे. जिसके बाद बाहर निकलकर पालकमंत्री बावनकुले ने वहां मौजूद मीडिया कर्मियों से संवाद साधने के साथ ही उनके द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब भी दिए. इस समय पालकमंत्री बावनकुले ने परतवाडा सेक्स स्कैंडल के मामले में पुलिस द्वारा की जा रही जांच और कार्रवाई को समाधानकारक बताते हुए कहा कि, यद्यपि इस मामले में अब तक किसी भी पीडिता द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस ने स्वसंज्ञान लेते हुए मामला दर्ज करने के साथ ही 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिनके पास से 7 मोबाइल, 1 टैब, 1 लैपटॉप व 1 हार्ड डिस्क जब्त करते हुए जांच हेतु फॉरेन्सिक लैब भेज दिए गए है. साथ ही साथ आठों आरोपियों को पीसीआर में लेते हुए उनसे पूछताछ की जा रही है.
इस समय पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए पालकमंत्री बावनकुले ने इस मामले को धार्मिक रंग देनेवाले लोगों को जमकर आडे हाथ लेते हुए कहा कि, किसी ने भी लोगों की धार्मिक भावनाएं भडकाने वाले बयान नहीं देने चाहिए और बेसिर-पैर की खबरे व अफवाहें भी नहीं फैलानी चाहिए. पुलिस द्वारा इस मामले को लेकर बिल्कुल सही दिशा में जांच की जा रही है. साथ ही सीएम देवेंद्र फडणवीस एवं राज्य सरकार भी इस मामले को लेकर पूरी तरह से गंभीर है. सीएम फडणवीस द्वारा अमरावती के आईजी एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से रोजाना इस मामले में अपडेट लिया जा रहा है. इस जानकारी के साथ ही मंत्री बावनकुले ने कहा कि, सरकार पूरी तरह से पीडित पक्ष के साथ है और हम इस मामले से जुडे प्रत्येक आरोपी के हर एक लिंक को खंगालेंगे. साथ ही साथ उन्होंने मीडिया के जरिए सभी लोगों के नाम यह आवाहन भी किया कि, यदि किसी के भी पास इस मामले को लेकर कोई जानकारी हो, तो वे वह जानकारी सीधे पुलिस के साथ साझा करे, ताकि पुलिस इस मामले में और भी अधिक प्रभावी तरीके से कार्रवाई कर पाए.





