अमरावती मनपा का ‘कूल रूफ’ उपक्रम राज्यस्तरीय स्पर्धा में प्रथम

अमरावती/दि.20 – अमरावती महानगरपालिका ने अपने अभिनव ‘कूल रूफ’ उपक्रम के जरिए राज्यस्तरीय राजीव गांधी प्रशासनिक गतिशीलता (प्रगति) अभियान एवं स्पर्धा 2025-26 में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. इस उपलब्धि के लिए महाराष्ट्र शासन की ओर से 10 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है. पुणे, मीरा-भाईंदर और नवी मुंबई जैसी बड़ी महानगरपालिकाओं के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए अमरावती का अव्वल रहना विशेष रूप से उल्लेखनीय माना जा रहा है.
यह प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई थी. पहले चरण में ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें ‘कूल रूफ’ उपक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई. इस प्रस्तुति के आधार पर अमरावती महानगरपालिका का चयन दूसरे चरण के लिए हुआ. दूसरे चरण में राज्य के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में अंतिम प्रस्तुतीकरण हुआ, जिसमें उपक्रम की नवाचार क्षमता, प्रभावशीलता और क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई.
अमरावती महानगरपालिका द्वारा लागू कूल रूफ उपनियम 2025 शहर में बढ़ती गर्मी के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से शुरू किया गया एक अभिनव प्रयास है. इसके तहत सोलर रिफ्लेक्टिव (परावर्तक) छतों के उपयोग को प्रोत्साहित और अनिवार्य बनाया गया है, जिससे शहरी तापमान में कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है.
इस पहल के अंतर्गत विकसित इंटीग्रेटेड वेब पोर्टल के माध्यम से आवेदन, स्वीकृति, सत्यापन तथा कर में छूट की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है. साथ ही, भवन निर्माण अनुमति, संपत्ति कर, नगर नियोजन और आईटी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रशासन को अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है.
इस पुरस्कार का वितरण समारोह 21 अप्रैल 2026 को सह्याद्री राज्य अतिथीगृह में आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा अजित पवार तथा मंगलप्रभात लोढा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे. महानगरपालिका आयुक्त सौ. सौम्या शर्मा चांडक (आईएएस) के नेतृत्व में लागू इस पहल ने ‘गतिमान प्रशासन’ की प्रभावी मिसाल पेश की है. अमरावती का यह मॉडल अब राज्य के अन्य शहरों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है.

Back to top button