नागपुर में भी कॉर्पोरेट धर्मांतरण
अत्याचार का नाशिक पैटर्न!

* चार युवतियों की शिकायत के बाद संस्था का मालिक गिरफ्तार
नागपुर/दि.20 – नाशिक में सामने आए धर्मांतरण दबाव और महिला अत्याचार मामले के बाद अब उपराजधानी नागपुर में भी इसी तरह का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मानकापुर क्षेत्र में एक स्वयंसेवी संस्था की आड़ में युवतियों का मानसिक उत्पीड़न, छेड़छाड़ और धर्मांतरण के लिए दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं, और इस मामले में संस्था के संचालक रियाज काज़ी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसे 23 अप्रैल तक पीसीआर मंजूर हो गया है.
‘यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसायटी’ के नाम से चल रही इस संस्था में काम करने वाली 23 वर्षीय युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के अनुसार, आरोपी काज़ी युवतियों को केबिन में बुलाकर अश्लील हरकतें करता था. सीसीटीवी कैमरे बंद करके बार-बार गलत व्यवहार करने का आरोप है, और अन्य युवतियों को भी गलत इरादे से छूने की बात कही गई है. इसके अलावा, संस्था में काम करने वाली युवतियों पर धार्मिक नियमों का पालन करने का दबाव डाला जा रहा था. नमाज़, रोज़े और दुआ करने के लिए मजबूर किया जाता था, और अभिवादन के लिए ‘खुदा हाफिज’ कहने की भी जबरदस्ती की जाती थी, ऐसा शिकायत में कहा गया है.
इस बीच, इस मामले में एक और गंभीर बात सामने आई है कि युवतियों की गतिविधियों पर डिजिटल तरीके से नजर रखी जा रही थी. फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए उन पर नजर रखकर मानसिक दबाव बनाया जा रहा था, ऐसा आरोप है. अब तक चार पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रियाज काज़ी को गिरफ्तार किया. मानकापुर पुलिस थाने के निरीक्षक हर्ष कलसेकर के मार्गदर्शन में जांच की गई है, और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत तथा सूचना प्रौद्योगिकी कानून के अनुसार मामला दर्ज किया गया है.





