हिंगोली में 24 वर्षीय युवक की आत्महत्या

पुलिसकर्मी का अनैसर्गिक संबंधों के लिए दबाव:

हिंगोली/दि.20 – नांदेड़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के एक कर्मचारी द्वारा अनैसर्गिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाले जाने के कारण एक 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, ऐसी आक्रोशजनक घटना सामने आई है. इस मामले में आखाडा बालापुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, मृत युवक हिंगोली जिले के कलमनुरी तालुका का रहने वाला था. उसकी नांदेड़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के लिपिक अभिषेक सातपुते के साथ पिछले 7-8 वर्षों से घनिष्ठ मित्रता थी. लेकिन समय के साथ यह दोस्ती उत्पीड़न में बदल गई. बीते शनिवार (18 अप्रैल) दोनों वडगांव और आखाडा बालापुर क्षेत्र में साथ घूम रहे थे. इसी दौरान सातपुते ने मृत युवक पर अनैसर्गिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला. उनके इस लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर युवक ने वडगांव शिवार के एक पेड़ से रुमाल के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
* आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ उकसाने का मामला
यह घटना सामने आने के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी अभिषेक सातपुते के खिलाफ मामला दर्ज किए बिना पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया. इससे आखाडा बालापुर ग्रामीण अस्पताल में काफी तनाव की स्थिति बन गई. अंततः पुलिस उपाधीक्षक राजकुमारे केंद्रे मौके पर पहुंचे और उनसे बातचीत की. इसके बाद नागनाथ लाखाडे की शिकायत पर अभिषेक सातपुते के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया. इसके बाद लगभग 22 घंटे बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई. फिलहाल पुलिस इस घटना की जांच कर रही है.
* प्रेम प्रसंग के शक में युवक पर हमला
दूसरी ओर, भंडारा जिले के तुमसर तालुका के हरदोली गांव में प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक पर रविवार आधी रात को जानलेवा हमला किया गया. इस घटना में राजू राऊत नाम का 24 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. यह युवक गर्मी के दिनों के कारण घर के आंगन में सो रहा था. उसी समय 4-5 लोगों ने धारदार हथियारों से उस पर जानलेवा हमला कर दिया. इस दौरान युवक ने जान बचाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाया, जिससे हमलावर वहां से फरार हो गए. घायल युवक का फिलहाल भंडारा जिला सामान्य अस्पताल में इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है. यह घटना प्रेम प्रसंग के शक में हुई बताई जा रही है. इस मामले में सिहोरा पुलिस में मामला दर्ज किया गया है.

Back to top button