परतवाडा यौन शोषण मामले में आरोपी अयान अहमद की मुश्कीलें बढी

15 वर्षीय पीडिता का बयान हुआ दर्ज, मामले की जांच के साथ जोडा जाएगा बयान को

* महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा गुप्त स्थान पर दर्ज किया गया बयान
* बयान दर्ज करते समय महिला व बाल कल्याण अधिकारी भी थे उपस्थित
* एसपी विशाल आनंद ने पत्रवार्ता में दी जानकारी, बयान दर्ज कराने आई पीडिता की हिम्मत को सराहा
अमरावती/दि.20 – परतवाड़ा में सामने आए चर्चित यौन शोषण मामले में मुख्य आरोपी अयान अहमद की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. क्योंकि इस मामले में अयान अहमद के खिलाफ बयान दर्ज कराने हेतु आखिरकार एक 15 वर्षीय पीडिता सामने आई है. जिसके बयान को अमरावती ग्रामीण पुलिस द्वारा महिला पुलिस अधिकारियों के जरिए एक गुप्त स्थान पर दर्ज किया गया. इस दौरान महिला एवं बाल कल्याण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे, ताकि प्रक्रिया संवेदनशील और सुरक्षित तरीके से पूरी की जा सके. वहीं अब इस बयान को परतवाडा यौन शोषण मामले को लेकर दर्ज अपराध में जोड दिया गया है. इस बयान के चलते यद्यपि मामले में अपराधिक धाराओं को लेकर कोई इजाफा नहीं हुआ है. परंतु यह बयान इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, यह तय माना जा रहा है.
इस पूरे मामले को लेकर जानकारी देने हेतु ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद द्वारा आज अपने कार्यालय में पत्रवार्ता बुलाई गई थी. जिसमें उन्होंने बताया कि, परतवाडा शहर में रहनेवाले अयान अहमद तनवीर अहमद नामक आरोपी के कई युवतियों के साथ अश्लील व आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण पुलिस ने मामले का स्वसंज्ञान लेकर अपराध दर्ज किया था और सोशल मीडिया पर वायरल आपत्तिजनक फोटो व वीडियो में दिखाई देनेवाली पीडित युवतियों की पहचान करने का प्रयास भी किया गया. साथ ही साथ उन पीडित युवतियों एवं उनके परिजनों से लगातार संपर्क स्थापित कर उन्हें पुलिस में शिकायत देने हेतु सामने आने के लिए भी कहा गया. जिसके चलते उन 8 पीडिताओं में से एक पीडिता ने आखिरकार आगे आकर पुलिस के सामने बयान दर्ज कराने की हिम्मत दिखाई, जिसकी सराहना की जा सकती है.
एसपी विशाल आनंद ने यह भी बताया कि, पीआई यशोधरा मुनेश्वर के नेतृत्व में महिला पुलिस कर्मियों द्वारा पीडिता का बयान दर्ज किया. इस समय महिला व बाल कल्याण अधिकारी की भी उपस्थिति रही. साथ ही एसपी आनंद ने यह भी बताया कि, पीडिता की ओर से दिए गए बयान के आधार पर आरोपी अयान अहमद व उसके साथियों के खिलाफ दर्ज मामले की धाराओं में कोई वृद्धि नहीं होनेवाली है. क्योंकि, पीडिता ने आरोपी अयान अहमद द्वारा खुद से ऑनलाइन परिचय बढाते हुए मिलने हेतु बुलाने व विनयभंग करने से संबंधित बाते ही अपने बयान में कही है. जिनसे संबंधित धाराओं के तहत अयान अहमद व उसके साथियों के खिलाफ पहले ही अपराध दर्ज है.
* परतवाडा यौन शोषण मामले में एक और एफआईआर दर्ज
– उजेर खान इकबाल खान के खिलाफ भी दर्ज हुआ मामला
– 16 वर्षीय लडकी की मां ने दर्ज कराई शिकायत
इसके साथ ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने यह भी बताया कि, जहां एक ओर मुख्य आरोपी अयान अहमद के खिलाफ बयान देने हेतु एक 15 वर्षीय पीडिता सामने आई है. वहीं अब दूसरी ओर इसी मामले में सहआरोपी रहनेवाले उजेर खान इकबाल खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने हेतु एक अन्य 16 वर्षीय युवती की मां परतवाडा पुलिस थाने में पहुंची है. उक्त महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराते हुए बताया गया कि, विगत कुछ समय से उजेर खान लगातार उक्त 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के संपर्क में था. यह बात समझ में आते ही लडकी के परिजनों ने उजेर खान को समझाते-बुझाते हुए अपनी लडकी से दूर रहने के लिए कहा. परंतु परिजनों द्वारा समझाइश देने के बावजूद उजेर ने उक्त लडकी के साथ संपर्क जारी रखा. इसके चलते अब पीड़िता की मां ने परतवाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर परतवाडा पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराधिक मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है.
* और भी 6 मोबाइल जब्त, पहले भी जब्त किए गए थे पांच मोबाइल
– एक लैपटॉप, एक टैब व एक हार्ड डिस्क की भी बरामदगी, फॉरेन्सिक लैब भेजा गया, रिपोर्ट की प्रतीक्षा
इसके अलावा इस पत्रवार्ता में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने यह भी बताया कि, इस मामले में जहां इससे पहले 5 मोबाइल जब्त किए गए, वहीं अब मामले की जांच के दौरान पुलिस ने और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं. इसके अलावा एक लैपटॉप, एक टैबलेट और एक हार्ड डिस्क भी बरामद की गई है. इन सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जहां से डेटा रिकवर करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस को फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है.
* क्या है मामला?
बता दें कि, परतवाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर नाबालिग लड़कियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह घटना 13 अप्रैल 2026 को सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर (19 वर्ष, निवासी परतवाड़ा) के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं सहित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन को जब्त किया गया, जिसमें से 8 पीड़ित लड़कियों के 18 वीडियो और 32 फोटो बरामद हुए हैं. आगे की जांच में यह भी सामने आया कि इन वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने में अन्य आरोपियों की भी भूमिका थी. इसके आधार पर पुलिस ने 7 अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम शामिल है.
* पुलिस की अपील
पुलिस विभाग ने अन्य संभावित पीड़ितों से अपील की है कि वे बिना किसी डर के आगे आएं और अपना बयान दर्ज कराएं. पीड़ितों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. साथ ही नागरिकों से भी जांच में सहयोग करने की अपील की गई है. मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि इसमें शामिल अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.
* कल अयान के पीसीआर का अंतिम दिन
– पुलिस मांगेगी समयावृद्धि
इस समय पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए एसपी विशाल आनंद ने बताया कि, कल 21 अप्रैल को परतवाडा यौन शोषण मामले के मुख्य आरोपी अयान अहमद व उसके दो साथियों के पीसीआर की अवधि खत्म होनेवाली है. जिसके चलते कल उन्हें एक बार फिर अचलपुर के अतिरिक्त जिला व सत्र न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा अदालत से उनके पीसीआर की अवधि को बढाकर देने की मांग की जाएगी. क्योंकि इस मामले में आरोपियों से अब भी काफी कुछ पूछताछ करनी बाकी है.
‘वीडियो स्कैंडल’ की फॉरेंसिक जांच से मिले अहम सबूत
एसपी विशाल आनंद ने पत्रवार्ता में यह भी बताया कि, परतवाडा यौन शोषण मामले की जांच कर रही अमरावती ग्रामीण पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम को बड़ी सफलता मिली है. जिसके तहत फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए पांच मोबाइल फोन में से तीन का डेटा रिकवर कर लिया गया है, जिससे मामले में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से मोबाइल से कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो डिलीट कर दिए थे. हालांकि, फॉरेंसिक जांच के जरिए डेटा वापस हासिल कर लिया गया है. अब तक 18 वीडियो और 39 फोटो सामने आए हैं. इन डिवाइसों में कॉल रिकॉर्ड, चैट और गैलरी डेटा भी शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा लैपटॉप, हार्ड डिस्क और टैब को भी जांच के लिए भेजा जाएगा.
* अयान के फालोअर्स की संख्या बढी
एसपी विशाल आनंद के मुताबिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अयान अहमद (19) के सोशल मीडिया फॉलोअर्स में केस सामने आने के बाद करीब 4 हजार की बढ़ोतरी हुई है. पहले जहां उसके करीब 18 हजार फॉलोअर्स थे, वहीं अब यह संख्या 22 हजार तक पहुंच गई है. पुलिस के अनुसार, उसके अकाउंट से सीधे आपत्तिजनक सामग्री वायरल नहीं की गई थी, लेकिन कुछ लिंक डिलीट किए गए हैं और अकाउंट अब भी सक्रिय है. इस जानकारी के सामने आते ही एसआईटी अब मामले के आर्थिक पहलू की भी जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपियों ने वीडियो के जरिए किसी को ब्लैकमेल कर पैसे वसूले या उनका व्यावसायिक उपयोग किया.
* 10 संदिग्धों से पूछताछ
बता दें कि, 17 अप्रैल को पुलिस ने 10 संदिग्धों से पूछताछ की, जो वीडियो लिंक शेयर या फॉरवर्ड करने में शामिल थे. फिलहाल उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है. मामले की जांच अभी जारी है.

Back to top button