एमआईएम पार्षद सलाहुद्दीन की सदस्यता को किया जाए खारिज

सामाजिक कार्यकर्ता शफीक राजा ने उठाई अपात्रता की मांग

* चुनावी हलफनामे में गलत जानकारी देने की बात कही
* दूसरी पत्नी से तीसरी संतान होने की जानकारी को किया उजागर
अमरावती/दि.20 – अमरावती महानगर पालिका में एमआईएम के टिकट पर पार्षद निर्वाचित सलाहुद्दीन इकरामुद्दीन ने अपने चुनावी हलफनामे में निर्वाचन आयोग के समक्ष पूरी तरह से गलत व झूठी जानकारी पेश की थी. जिसके चलते पूरे मामले की जांच करते हुए सलाहुद्दीन इकरामुद्दीन को पार्षद पद हेतु अपात्र घोषित किया जाना चाहिए. साथ ही सलाहुद्दीन की मनपा सदस्यता को तुरंत प्रभाव से खारिज भी किया जाना चाहिए, इस आशय की मांग सामाजिक कार्यकर्ता शफीक राजा द्वारा आज यहां बुलाई गई पत्रवार्ता में उठाई गई. साथ ही आरोप लगाया गया कि, सलाहुद्दीन ने दो अलग-अलग युवतियों से विवाह कर रखे है तथा उन्हें पहली पत्नी से दो संताने है. वहीं दूसरी पत्नी से भी उन्हें एक बेटी है. परंतु सलाहुद्दीन चुनावी हलफनामे में अपनी दूसरी पत्नी और तीसरी बेटी की जानकारी को पूर तरह से छिपा दिया है. जिसके चलते गलत चुनावी हलफनामा देनेवाले सलाहुद्दीन की मनपा सदस्यता को खारिज किया जाना चाहिए.
आज यहां बुलाई गई पत्रवार्ता में सामाजिक कार्यकर्ता शफीक राजा ने कहा कि, एमआईएम पार्षद सलाहुद्दीन का पहला विवाह मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में रहनेवाली सदफ नामक युवती से हुआ है. जिससे दो संताने पैदा हुई है. इस बात की जानकारी सलाहुद्दीन द्वारा अपने चुनावी नामांकन में दी गई है. परंतु सन 2018 में सलाहुद्दीन ने मसानगंज परिसर निवासी सैय्यद कासीम की बेटी शबनम सैय्यद के साथ दूसरा विवाह किया था और 22 जुलाई 2023 को शबनम सैय्यद ने बडनेरा रोड स्थित डॉ. वासंती कडू के श्री संत जयराम हॉस्पिटल में एक बेटी को जन्म दिया. परंतु शबनम सैय्यद और सलाहुद्दीन ने प्रसूति के समय अस्पताल में भी झूठी जानकारी देते हुए बच्ची के पिता का नाम सलाहुद्दीन लिखने के बजाय शबनम सैय्यद के पिता सैय्यद कासीम का नाम लिखाया. यह बेहद आश्चर्यवाली बात है. साथ ही इसी बात को आधार बनाते हुए सलाहुद्दीन ने अपनी दूसरी पत्नी और तीसरी संतान की जानकारी को चुनावी हलफनामे में पूरी तरह से छिपा ली.
इसके साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता शफीक राजा ने यह आरोप भी लगाया कि, इस समय सलाहुद्दीन इकरामुद्दीन की पहली पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ बुरहानपुर में अपने माता-पिता के यहां रहती है. वहीं सलाहुद्दीन अपनी दूसरी पत्नी शबनम सैय्यद व तीन वर्षीय बच्ची के साथ अमरावती में रहते है. साथ ही सलाहुद्दीन ने अपनी दूसरी पत्नी से हुई बेटी के पिता के नाम के स्थान पर खुद की बजाए उसके नाना का नाम लिखवाया है. ऐसे में बेहद जरुरी है कि, सलाहुद्दीन एवं उनकी तीन वर्षीय बच्ची की डीएनए टेस्ट कराते हुए असलियत को उजागर किया जाए. साथ ही सलाहुद्दीन का सदस्य पद रद्द करते हुए उनके खिलाफ फौजदारी व कानूनी कार्रवाई की जाए. इसके अलावा प्रसूति के समय बच्ची के पिता के नाम की बजाए अपने खुद के पिता का नाम दर्ज करानेवालीी शबनम सैय्यद के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए.
सामाजिक कार्यकर्ता व आरटीआई एक्टीविस्ट शफीक राजा द्वारा लगाए गए इन आरोपों को चलते मनपा स्तर पर अच्छा-खासा हडकंप व्याप्त है तथा अब सभी की निगाहें इस बात की ओर टिकी हुई है कि, आखिर इस मामले में मनपा की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है.

Back to top button