’फडणवीस सरकार के कार्यकाल में बढ़ी अंधश्रद्धा
खरात-शास्त्री पर दोहरे मापदंड: श्याम मानव

बुलढाणा/ दि. 21- अखिल भारतीय अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति (अंनिस) के संस्थापक श्याम मानव ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि राज्य में अंधश्रद्धा का प्रसार सरकारी संरक्षण के कारण ही बढ़ा है. सोमवार को बुलढाणा में अपने जनजागृति अभियान के दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अशोक खरात जैसे भोंदू बाबाओं का कद मुख्यमंत्री फडणवीस के कार्यकाल में ही बढ़ा है, जिसके लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार जिम्मेदार है.
श्याम मानव ने इस दौरान प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोहरे मापदंड का आरोप लगाया. उन्होंने खरात प्रकरण पर कार्रवाई का जिक्र करते हुए पूछा कि यदि खरात पर कार्रवाई की जा सकती है, तो धीरेंद्र शास्त्री और बागेश्वर बाबा जैसे अन्य लोगों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई है? उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार खुद ऐसे बाबाओं को प्रतिष्ठा देने और उन्हें बढ़ावा देने का काम कर रही है. अंधश्रद्धा फैलाने के मामले में उन्होंने रूपाली चाकणकर को भी लपेटे में लेते हुए कहा कि उन्हें भी इस मामले में सह-आरोपी बनाया जाना चाहिए. अपनी संस्था के ’वृक्ष तिथे छाया बुवा तिथे बाया’ अभियान के जरिए विज्ञानवाद का प्रचार कर रहे श्याम मानव ने सरकार पर अंधश्रद्धा को बढ़ावा देने वाली नीतियों का आरोप लगाकर राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है.





