अयान सहित चारों आरोपियों का पीसीआर बढा

अब 27 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में रहेंगे चारों आरोपी

* परतवाड़ा यौन शोषण कांड में सरकारी वकील डी. ए. नवले की शानदार पैरवी
परतवाड़ा/अचलपुर /दि.21– जुडवां शहर में उजागर हुए बहुचर्चित यौन शोषण व वायरल वीडियो कांड में पकडे गए मुख्य आरोपी अयान अहमद सहित सह आरोपी उजैर खान इकबाल खान, मो. साद मो. साबिर, तबरेज खान तसलीम खान के पीसीआर की अवधि खत्म होने के चलते उन्हें स्थानीय जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय में पेश किया गया. जहां पर परतवाडा पुलिस ने आरोपियों से अपनी जांच-पडताल व पूछताछ का काम बाकी रहने की दलील देते हुए आरोपियों को एक बार फिर पुलिस कस्टडी में दिए जाने की मांग उठाई. जिस पर हुई सुनवाई के बाद अदालत ने सभी चार आरोपियों को 27 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी (पीसीआर) में भेजने के आदेश दिए हैं.
परतवाडा यौन शोषण कांड के मामले की गंभीरता एवं जुडवां शहर की संवेदनशीलता को देखते हुए आज चारों आरोपियों को अदालत में पेश करते समय सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर में कड़ा पुलिस बंदोबस्त किया गया था. चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही, साथ ही पुरुष और महिला कमांडो भी मौजूद थे. आरोपियों को अदालत में लाए जाने के दौरान कुछ समय के लिए मीडिया प्रतिनिधियों को अंदर जाने से रोका गया, जिससे पुलिस और पत्रकारों के बीच बहस भी हुई. बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पत्रकारों को अदालत में प्रवेश दिया गया.
सुनवाई के दौरान सहायक सरकारी अभियोक्ता डी. ए. नवले ने अदालत के समक्ष पक्ष रखते हुए आरोपियों की पुलिस कस्टडी बढ़ाने की मांग की. उन्होंने तर्क दिया कि जांच के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है और मामले की गहराई से जांच के लिए और समय आवश्यक है. इस दौरान सरकारी वकील विचारे ने भी उनका समर्थन किया. अदालत को जानकारी देते हुए पुलिस निरीक्षक सुरेश म्हस्के ने बताया कि आरोपियों की फंडिंग, बैंक लेन-देन और पीड़िताओं के बयानों के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों की पहचान करना अभी बाकी है. उन्होंने कहा कि मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस कस्टडी बढ़ाना जरूरी है.
बचाव पक्ष की ओर से अयान अहमद का पक्ष अधिवक्ता वकार अहमद ने रखा, जबकि अन्य आरोपियों की ओर से अलग-अलग वकील उपस्थित रहे. करीब शाम 4:11 बजे आरोपियों को अदालत में पेश किया गया और लगभग 4:40 बजे तक सुनवाई चली. इसके बाद शाम 5:10 बजे न्यायाधीश सागर पाटिल ने फैसला सुनाते हुए सभी आरोपियों को 27 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया. आदेश के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे आरोपियों को कड़ी सुरक्षा में वापस थाने ले जाया गया. पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में जांच में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं.

Back to top button