पूर्व सीजेआई गवई के हाथों सम्मानित हुए एड. ए. एम. जैन

जिला वकील संघ के भव्य समारोह में हुआ सम्मान

अमरावती/दि.22 – अमरावती जिला वकील संघ के तत्वावधान में 18 अप्रैल 2026 को जिला न्यायालय परिसर में एक भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया था. जिसमें देश के पूर्व मुख्य न्यायमूर्ति भूषण गवई के हाथों शहर के वरिष्ठ विधिज्ञ एड. ए. एम. जैन का उनकी दीर्घकालिन सेवाओं के लिए भावपूर्ण सत्कार किया गया.
सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश भूषण रामकृष्ण गवई के हाथों वरिष्ठ अधिवक्ता ए. एम. जैन को कानून के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान और वरिष्ठता को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से गौरवान्वित किया गया. यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत करियर की उपलब्धि है, बल्कि अमरावती के विधि जगत के लिए भी गर्व का विषय माना जा रहा है.
बता दें कि, इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण पहल और सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें वकीलों की सुविधा के लिए नए उपहारगृह का भूमिपूजन, दिवंगत अधिवक्ताओं के तैलचित्रों का अनावरण, ‘कृतज्ञता समारोह’ के माध्यम से वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान, जनसुविधा हेतु वाटर कूलर का लोकार्पण जैसे कार्यक्रमों का समावेश था. जिसके तहत कृतज्ञता समारोह में कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया.
बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ के प्रशासकीय न्यायमूर्ति अनिल किलोर के अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में बतौर प्रमुख अतिथि न्या. मुकुलिका जवलकर, न्या. प्रवीण पाटिल तथा न्या. वी. एम. देशपांडे शामिल रहे. साथ ही प्रशासन की ओर से जिला कलेक्टर आशीष येरेकर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.
अमरावती जिला वकील संघ के अध्यक्ष एड. सुनील देशमुख, सचिव एड. अमोल मुरल और पूरी कार्यकारिणी के प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. अंत में सामूहिक स्नेहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया. यह आयोजन अमरावती के न्यायिक और विधिक क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायी अवसर साबित हुआ.

Back to top button