रितेश व जेनेलिया बने एसटी के ब्रांड एंबेसडर
5 साल का हुआ करार, यात्रियों को आकर्षित करने रापनि की बडी पहल

मुंबई/दि.22 – महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल यानि एसटी ने अपनी सेवाओं को आधुनिक और आकर्षक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. जिसके तहत बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता रितेश देशमुख तथा उनकी पत्नी व अभिनेत्री जिनिलिया देशमुख को निगम का नया ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह जोड़ी अगले 5 वर्षों तक रापनि के साथ करार में जुड़ी रहेगी. इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक यात्रियों को एसटी बस (लालपरी) जैसी सार्वजनिक परिवहन सेवा की ओर आकर्षित करना है, खासकर युवाओं को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करना.
बताया जा रहा है कि परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के नेतृत्व में यह निर्णय लिया गया है. आने वाले समय में रितेश और जिनिलिया विभिन्न विज्ञापन अभियानों, सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों और सामाजिक उपक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते नजर आएंगे.
रापनि का मानना है कि इस लोकप्रिय जोड़ी के जरिए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अपनी पहुंच और छवि को और मजबूत किया जा सकेगा. बता दें कि, इससे पहले भी अभिनेता मकरंद अनासपुरे और दिवंगत विक्रम गोखले इस भूमिका में रह चुके हैं. परिवहन विभाग का लक्ष्य है कि एसटी बस सेवा को नया चेहरा देकर उसे प्रतिस्पर्धा में आगे लाया जाए और यात्रियों का भरोसा और संख्या दोनों बढ़ाई जाए.





