मनपा की आमसभा के भीतर भाजपा की महिला पार्षदों का प्रदर्शन
प्ले-कार्ड व पोस्टर लहराकर किया कांग्रेस का निषेध

* संसद में नारी शक्ति वंदन विधेयक के खारिज होने पर जताया संताप
* कांग्रेस को बताया पूरी तरह से महिला विरोधी, जमकर की नारेबाजी
* सदन की कार्रवाई शुरु होते समय प्रदर्शन हुआ शुरु, मचा हडकंप
अमरावती/दि.23 – आज मनपा की आमसभा के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला पार्षदों ने सदन के भीतर जोरदार प्रदर्शन किया. प्ले-कार्ड और पोस्टर लहराते हुए पार्षदों ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तीव्र विरोध दर्ज कराया. यह प्रदर्शन उस समय शुरू हुआ, जब आमसभा की कार्यवाही प्रारंभ होने ही वाली थी. तभी अचानक भाजपा की महिला पार्षदों सदन के प्रवेशद्वार पर खडे रहकर ‘कांग्रेस महिला विरोधी है’ जैसे नारे लगाते हुए विरोध जताना शुरु किया. इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से सदन में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया और कार्यवाही बाधित हो गई.
भाजपा की महिला पार्षदों का कहना था कि संसद में नारी शक्ति वंदन विधेयक के खारिज होने से महिलाओं के अधिकारों को बड़ा झटका लगा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का रुख महिलाओं के प्रति हमेशा नकारात्मक रहा है और यह घटना उसी का प्रमाण है. पार्षदों ने कहा कि महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व और सम्मान दिलाने के लिए यह विधेयक बेहद जरूरी था. प्रदर्शन के दौरान महिला पार्षदों ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की, जिन पर कांग्रेस के विरोध में संदेश लिखे हुए थे. सदन में कुछ समय तक तीखी नारेबाजी होती रही, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया.
इस बीच, सभापति और अन्य वरिष्ठ पार्षदों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया. अधिकारियों द्वारा पार्षदों को समझाइश देने के बाद धीरे-धीरे माहौल सामान्य हुआ और आमसभा की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई.





