कोंबिंग ऑपरेशन व नाकाबंदी के दौरान 95 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई

9 अजामीनपात्र वॉरंट किए तामिल, 3 फरार आरोपियों को किया गया चेक

* 24 घंटे चले विशेष अभियान में 11 स्थानों पर नाकाबंदी, 375 वाहनों की भी ली गई तलाशी
* 4 पुलिस आयुक्तालय के 57 अधिकारियों और 306 जवानों ने संभाला मोर्चा
अमरावती/दि.25 – अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय की ओर से शहर में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से 24 अप्रैल की रात 10 बजे से 25 अप्रैल की रात 2 बजे तक विशेष नाकाबंदी एवं कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया. पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में संचालित इस विशेष अभियान के दौरान शहर के सभी 8 पुलिस थाना क्षेत्रों में कुल 11 स्थानों पर नाकाबंदी की गई. इस व्यापक अभियान में पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त (परिमंडल 1 व 2), सभी सहायक पुलिस आयुक्त, सभी पुलिस थानों के वरिष्ठ निरीक्षक, अपराध शाखा तथा अन्य शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल रहे. पूरे ऑपरेशन के दौरान 57 अधिकारी और 306 पुलिसकर्मियों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई.
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने धारा 142 के अंतर्गत कुल 4 तड़ीपार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की. इनमें विक्की उर्फ गणेश मधुकर खडसे, विशाल गंगनाथ तायवाडे, महेंद्र उर्फ तुफान भगवान चंडकापुरे तथा मयूर राजेश वालकेसणाकर शामिल हैं. वहीं पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत 7 आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए उनके कब्जे से 7 घातक हथियार जब्त किए. पकड़े गए आरोपियों में प्रेम प्रकाश देवकर, राहुल दीपक वाघमारे, श्रावण उर्फ मंग्या रवि वासनिक, दर्शन विलास मछले, साजिद खान आबिद खान, राहुल दीपक धर्माले और राजिक खान हफीज खान शामिल हैं.
इस कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान अमली पदार्थ सेवन से जुड़े 2 मामलों में कार्रवाई की गई. वहीं दारूबंदी अधिनियम के अंतर्गत 16 आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए उनके कब्जे से देशी-विदेशी शराब जब्त की गई. अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 54 हिस्ट्रीशीटर तथा 4 निगरानी बदमाशों की जांच की. इसके अलावा सूर्यास्त के बाद संदिग्ध रूप से घूमते पाए गए 8 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 9 गैर-जमानती वारंट भी तामील किए, जबकि 3 वांछित/फरार आरोपियों की भी जांच-पड़ताल की गई.
नाकाबंदी और कॉम्बिंग अभियान के दौरान कुल 375 वाहनों की जांच की गई. मोटर वाहन अधिनियम के तहत 31 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर 2 लाख 74 हजार 750 रुपये का जुर्माना वसूला गया. इसके अतिरिक्त मोटर व्हीकल एक्ट की अन्य धाराओं के अंतर्गत 13 और वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई.
अमरावती शहर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार के नाकाबंदी एवं कॉम्बिंग ऑपरेशन आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे. पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस तरह की सतत कार्रवाई से शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी, अपराधियों पर अंकुश लगेगा और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी.

Back to top button