आज भी भीषण गर्मी ने तोडा रिकॉर्ड
अमरावती में पारा 45 डिग्री

* समूचा विदर्भ क्षेत्र जूझ रहा भीषण गर्मी से
* यलो अलर्ट के साथ ही एक बार फिर एडवायजरी जारी
* शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहर के वक्त दिखा सन्नाटा
अमरावती/दि.25 – कल जहां विदर्भ क्षेत्र में दोपहर 4 बजे के बाद अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सीअस दर्ज किया गया था, जिसे देखते हुए मौसम विभाग द्वारा यलो अलर्ट जारी करने के साथ ही प्रशासन द्वारा आम नागरिकों हेतु विशेष एडवायजरी व गाइड लाइन जारी किए गए थे. वहीं आज विदर्भ क्षेत्र में एक बार फिर भीषण गर्मी वाली स्थिति रही. जिसके तहत पश्चिम विदर्भ का हिस्सा रहनेवाले अमरावती व अकोला जिलो में अधिकतम तापमान ने 45 डिग्री सेल्सीअस के स्तर को पार कर लिया. अमरावती में 45.2 तथा अकोला में 45.1 डिग्री सेल्सीअस तापमान दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. इसके अलावा चंद्रपुर में 45, वर्धा एवं नागपुर में 44.8 तथा यवतमाल में 44.5 डिग्री सेल्सीअस तापमान दर्ज हुआ है. जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने एक बार फिर यलो अलर्ट जारी किया है. साथ ही प्रशासन ने एडवायजरी व गाइड लाइन जारी करते हुए नागरिकों से तेज धूप के समय घर से बाहर नहीं निकलने और खुद को उष्माघात से बचाने का आवाहन किया है. उल्लेखनीय है कि, गत रोज जहां दोपहर 4 बजे के आसपास विदर्भ क्षेत्र में औसत तापमान 44.8 डिग्री सेल्सीअस दर्ज हुआ था. वहीं दोपहर 4 से 6 बजे के दौरान तापमान में और भी थोडा-बहुत इजाफा हुआ था. जिसके चलते रात बेहद गर्म और उमसभरी रही. वहीं आज सुबह से ही अमरावती शहर व जिले सहित समूचे विदर्भ क्षेत्र में तेज धूप पडनी शुरु हो गई थी और गर्म हवाओं के थपेडों की वजह से 10 बजे के आसपास ही अच्छी-खासी गर्मी महसूस होनी शुरु हो गई थी. जिसके बाद देखते ही देखते धूप और गर्मी की तीव्रता बढती चली गई. जिसके चलते शहर सहित जिले के व्यापारिक क्षेत्रों एवं रिहायशी इलाको में सन्नाटा पसरता दिखाई दिया. क्योंकि लोगबाग अपने-अपने घरों अथवा छांव वाले स्थानों पर ही रुके रहने के लिए मजबूर हो गए.
जानकारी के मुताबिक आज दोपहर 4 बजे तक अमरावती शहर सहित जिले में औसत तापमान 45.2 डिग्री के आसपास रहने की बात सामने आई है तथा कल की तरह आज भी दोपहर 4 से 6 बजे के दौरान तापमान में वृद्धि होने का अनुमान जताया गया है.
* पांच राज्यों के 15 शहर भीषण गर्मी की चपेट में
इसके साथ यह जानकारी भी सामने आई है कि, इस समय देश के पांच राज्यों के 15 शहर भीषण ग्रीष्मलहर की चपेट में है. जिनमें विदर्भ एवं महाराष्ट्र अमरावती, अकोला, वर्धा, नागपुर, चंद्रपुर, यवतमाल, लातूर व अहमद नगर सहित अन्य राज्यों के वाराणसी, बांदा, रोहतक, सुकदा, टिकमगढ, बाडमेर, अमीरपुर, आग्रा व राजनांदगांव जैसे शहरों का समावेश है.
*उष्माघात का कहर, मृतकों का आंकड़ा दो पर
महाराष्ट्र में भीषण गर्मी अब जानलेवा साबित होने लगी है. लातूर जिले में लगातार बढ़ते तापमान के बीच उष्माघात के मामलों में चिंताजनक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. जिले के औसा तहसील अंतर्गत गोंदरी गांव में 9 माह के एक मासूम बच्चे की उष्माघात से मौत होने की आशंका जताई जा रही है. इस घटना के बाद जिले में उष्माघात से संदिग्ध मौतों का आंकड़ा बढ़कर दो हो गया है.
जानकारी के अनुसार, लातूर जिले में पिछले कई दिनों से तापमान लगातार 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन पर गहरा असर डाला है. सबसे अधिक खतरा छोटे बच्चों, बुजुर्गों और खेतों में काम करने वाले किसानों पर मंडरा रहा है. गोंदरी गांव में 9 माह के बच्चे की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई, जिसके पीछे उष्माघात की आशंका जताई जा रही है. इस घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है.
इससे पहले चार दिन पूर्व लातूर जिले के औराद शहाजानी क्षेत्र में 60 वर्षीय किसान लक्ष्मण भंडारे की खेत में काम करते समय तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी. प्रारंभिक जांच में उनकी मौत का कारण उष्माघात माना गया. उस दिन क्षेत्र का तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. किसान खेत में काम करते हुए अचानक गिर पड़े थे और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई थी.
इस बीच, अहमदनगर जिले से भी उष्माघात से मौत की आशंका का मामला सामने आया है. पारनेर तहसील के पिंपलगांव रोठा गांव की जिला परिषद शिक्षिका उषा फापाले की तेज धूप में यात्रा के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. प्रारंभिक तौर पर इसे भी उष्माघात से जुड़ा मामला माना जा रहा है.
* हाईअलर्ट के साथ ही गाइड लाइन व एडवायजरी भी जारी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में तेज गर्मी का असर अब गंभीर रूप लेता जा रहा है. दोपहर के समय गर्म हवाएं और तेज धूप के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, कमजोरी, उल्टी और बेहोशी जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में हालात अधिक गंभीर हैं, जहां लोग दोपहर के समय भी खेतों और खुले इलाकों में काम करने को मजबूर हैं. बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यावश्यक काम न हो तो दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें. पर्याप्त पानी पीएं, हल्के और सूती कपड़े पहनें, बच्चों और बुजुर्गों को धूप से बचाकर रखें तथा खेतों या खुले स्थानों पर काम करते समय सिर ढककर ही निकलें. प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीमें उष्माघात से जुड़े मामलों पर नजर बनाए हुए हैं और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आवश्यक दवाओं व उपचार व्यवस्था के साथ अलर्ट मोड पर रखा गया है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक में गर्मी का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी दी है. ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से लापरवाही न बरतने और उष्माघात के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की है.





