दो थाना क्षेत्रों में 6 लोगों ने की आत्महत्या
तिवसा और चिखलदरा तहसील की घटना

अमरावती/दि.27 – आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ. जिले के कुर्हा थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. दो-तीन घंटे के अंतर में यह तीनों घटना घटित हुई. इसी तरह चिखलदरा तहसील में विभिन्न घटनाओं में तीन लोगों ने जहर गटककर आत्महत्या कर ली.
जानकारी के मुताबिक कुर्हा पुलिस थाना क्षेत्र में 25 अप्रैल को दोपहर 2.50 से रात 9.10 बजे के दौरान तीनों आकस्मिक घटना दर्ज हुई. पहली घटना अशोक नगर धामणगांव रेल्वे में उजागर हुई. यहां रहने वाले विलास भाउराव राजनकर (60) ने अपने घर में मवेशियों के गोठे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. 25 अप्रैल को दोपहर 12.15 बजे के दौरान यह घटना उजागर हुई. दोपहर में पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज की. दूसरी घटना तिवसा तहसील के मारडा गांव में घटित हुई. अमोल बबनराव झोलकर (30) नामक युवक ने गांव के ही रविराज देशमुख के खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. यह घटना दोपहर 4.30 बजे उजागर हुई. तीसरी घटना वर्हा ग्राम में घटित हुई. जहां निरंजन पंढरी केने (46) नामक व्यक्ति ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. 25 अप्रैल की शाम 7 बजे के दौरान यह घटना उजागर हुई. एक ही दिन तीन आत्महत्या की घटना से खलबली मच गई है. कुर्हा पुलिस ने आकस्मिक मौत दर्ज की है.
इसी तरह चिखलदरा तहसील के टेंभुर्णी देवरा ग्राम निवासी दीपक मुंगीलाल कास्देकर (18) नामक युवक ने 5 अप्रैल को जहर गटक लिया था. उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. दूसरी घटना तहसील के बोदू गांव में घटित हुई. यहां रहने वाले सोनी गणेश चिमोटे (24) नामक युवक ने 12 मार्च को जहर गटककर आत्महत्या कर ली. एक अन्य घटना आकी गांव में घटित हुई. अंकेश चंपालाल सावरकर (20) वर्षीय नामक युवक ने 5 मार्च को अपने घर में जहर गटक लिया था. उसकी भी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. इन तीनों आत्महत्या प्रकरण में 25 अप्रैल को चिखलदरा पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरु की है. तीनों की आत्महत्या का कारण पता नहीं चल पाया है.





