कामापुर गांव के जंगल में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला
चिखलदरा थाना क्षेत्र की घटना

चिखलदरा /दि.29- चिखलदरा तहसील के कामापुर गांव के जंगल परिसर में एक 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हडकंप मच गया है. मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पायी है.
जानकारी के मुताबिक हर दिन की तरह 28 अप्रैल को सुबह 10 बजे के दौरान कामापुर गांव के पास के जंगल में चरवाहा बकरी चराने के लिए गया, तब उसे एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया. उसने तत्काल चिखलदरा पुलिस को घटना की जानकारी दी. जानकारी मिलते ही थानेदार प्रवीण पाटिल अपने दल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पंचनामा कर शव कब्जे में लिया गया. मृतक ने सफेद शर्ट और काली जिन्स पहन रखी थी. मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पायी है. पुलिस ने नागरिकों से मृतक की शिनाख्त के लिए सहयोग करने का आवाहन किया है. फिलहाल आकस्मिक घटना दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरु की है.
* संतान न होने पर युवक ने फांसी लगाई
शादी को पांच साल होने के बावजूद संतान न होने पर मानसिक रुप से परेशान एक 25 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जाता है कि, शादी के पांच साल बाद भी संतान न होने से मृतक युवक मानसिक रुप से तनाव में आ गया था. घटना की जानकारी मिलते ही चिखलदरा पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज की है.





