नागपुरीगेट थाना क्षेत्र में गाडगेनगर पुलिस दल का छापा
पुलिस आयुक्त राकेश ओला को मिली थी जुआ अड्डा चलता रहने की जानकारी

* सीपी के निर्देश पर 20 जुआरी दबोचकर 6.92 लाख रुपए का माल जब्त
* सीपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई से महकमे में मचा हडकंप
अमरावती/ दि.30- नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में चलनेवाले एक जुआ अड्डे पर बुधवार 29 अप्रैल की रात 11 बजे के दौरान पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर गाडगे नगर के थानेदार गोरखनाथ जाधव के नेतृत्व वाले दल ने छापा मारकर 20 जुआरी व नकद राशि समेत कुल 6 लाख 92 हजार 680 रुपए का माल जब्त कर लिया. इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हडकंप मच गया हैं. जुआ अड्डा चलता रहने की जानकारी सीधे पुलिस आयुक्त को मिलने और घटनास्थल नागपुरी गेट थाना क्षेत्र रहने के बावजूद गाडगे नगर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए जाने से तरह-तरह की चर्चा व्याप्त हैं.
जानकारी के मुताबिक नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के चांदनी चौक नवाब गली में अब्दुल अर्शिद अब्दुल रशीद (35) के यहां जुआ अड्डा चलता रहने की जानकारी पुलिस आयुक्त राकेश ओला को बुधवार की रात मिली. इस जुआ अड्डे से नागपुरी गेट पुलिस भी अनजान थी. पुलिस आयुक्त ने जानकारी मिलते ही इस अड्डे पर छापा मारने की कार्रवाई करने के निर्देश क्राईम ब्रांच अथवा नागपुरी गेट पुलिस को न देते हुए गाडगे नगर के थानेदार गोरखनाथ जाधव को दिए. पुलिस आयुक्त के निर्देश मिलते ही गोरखनाथ जाधव ने डीबी स्क्वॉड के दल के साथ तत्काल नवाब गली पहुंचकर संबंधित जुआ अड्डे पर छापा मारा. इस अड्डे पर 20 जुआरी हार-जीत का जुआ खेलते हुए रंगे हाथ दबोचे गए. इन जुआरियों के पास से 21 मोबाईल और 2 लाख 9 हजार 680 रुपए नकद समेत कुल 6 लाख 92 हजार 680 रुपए का माल जब्त किया गया.
गाडगेनगर पुलिस की इस कार्रवाई से नागपुरी गेट थाने में हडकंप मच गया. घटनास्थल नागपुरी गेट थाना क्षेत्र का था. लेकिन गाडगे नगर के थानेदार गोरखनाथ जाधव के नेतृत्ववाले दल द्बारा यह कार्रवाई किए जाने से पुलिस महकमें में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई. क्योंकि यदि पुलिस आयुक्त को किसी घटना की जानकारी मिलती है तो उनके निर्देश पर क्राईम ब्रांच का दल कार्रवाई करता हैं. लेकिन पुलिस आयुक्त ने ऐसा न करते हुए गाडगे नगर पुलिस को यह कार्रवाई के निर्देश दिए. सूत्रों का कहना था कि क्राईम ब्रांच का दल बुधवार को 96 ठिकानों पर एक साथ की गई कार्रवाई में व्यस्त था. और नागपुरी गेट के थानेदार हनमंत उरलागोंडावार अवकाश पर रहने से पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने इस कार्रवाई के निर्देश नागपुरी गेट पुलिस को न देते हुए गाडगे नगर के थानेदार को दिए. लेकिन नवाब गली में इतने बडे पैमाने पर जुआ अड्डा चलने की जानकारी सीधे पुलिस आयुक्त को मिलना काफी आश्चर्य चकित करनेवाली बात हैं. नागपुरी गेट पुलिस इस बात से अनजान थी. कार्रवाई के बाद तरह- तरह की चर्चा व्याप्त हैं.





