शिवसेना के विधान परिषद चुनाव के लिए 2 उम्मीदवार घोषित
नीलम गोर्हे और बच्चू कडू को टिकट

*- चुनाव निर्विरोध होने की पूरी संभावना
– 10 सीटों के लिए 10 ही प्रत्याशी
– कांग्रेस ने बरती नरमी, उबाठा प्रत्याशी को आघाडी का सपोर्ट
मुंबई /दि.30- आखिरकार शिवसेना (शिंदे गुट) की ओर से विधान परिषद चुनाव के लिए दोनों उम्मीदवार तय हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक, शिवसेना ने अपने दोनों उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं और कुछ ही समय में दोनों नेता अपना नामांकन दाखिल करेंगे. बच्चू कडू और नीलम गोर्हे को शिवसेना की ओर से उम्मीदवार बनाया गया है. बताया जा रहा है कि थोड़ी ही देर में मुख्य नेता एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में दोनों नेता विधान भवन पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगे. पिछले 24 घंटों में हुई चर्चाओं और रखी गई मांगों को मानने के बाद आज बच्चू कडू ने शिवसेना का धनुष-बाण प्रतीक स्वीकार कर लिया है. पार्टी में शामिल होने के बाद उन्हें तुरंत विधान परिषद के लिए टिकट दिया गया है. वहीं, शुरुआत से ही नीलम गोर्हे का नाम चर्चा में था. आज दोनों नामों पर आधिकारिक मुहर लग गई है और अब अपना नामांकन दाखिल कर दिया हैं.
* महायुति और महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार
भाजपा – सुनील कर्जतकर, माधवी नाईक, संजय भेंडे, विवेक कोल्हे, प्रमोद जठार, प्रज्ञा सातव.
राष्ट्रवादी कांग्रेस – झिशान सिद्दीकी.
शिवसेना – बच्चू कडू, नीलम गोर्हे.
महाविकास आघाड़ी – अंबादास दानवे (शिवसेना – उद्धव बालासाहेब ठाकरे).
* कांग्रेस के पीछे हटने की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, आने वाले विधान परिषद और राज्यसभा चुनाव में सीट देने की शर्त पर कांग्रेस इस चुनाव से पीछे हट सकती है. यदि ठाकरे गुट इस शर्त को मानता है, तो कांग्रेस के पीछे हटने की संभावना है. इस पर जल्द आधिकारिक घोषणा हो सकती है. एक सदस्य को जीतने के लिए 28 वोटों की जरूरत होती है. महायुति के पास पर्याप्त संख्या बल होने के कारण उनके 8 उम्मीदवार आसानी से जीत सकते हैं. वहीं महाविकास आघाड़ी का केवल एक उम्मीदवार ही सुरक्षित स्थिति में है, दूसरी सीट के लिए उन्हें अतिरिक्त 10 वोट जुटाने होंगे, जो फिलहाल मुश्किल दिख रहा है.
* विधानसभा में संख्या बल
भाजपा: 131
शिवसेना (शिंदे गुट): 57
राष्ट्रवादी (अजित पवार गुट): 40
कांग्रेस: 16
राष्ट्रवादी (शरद पवार गुट): 10
शिवसेना (ठाकरे गुट): 20
अन्य: शेष
कुल विधायक: 286





