‘कोणार्क’ की फाईले क्यों छिपा रही मनपा, क्या गडबड है?

विधानमंडल अंदाज समिति ने दागे तीखे सवाल

* मनपा के अधिकारियों को जमकर लिया आडे हाथ
अमरावती/दि.1– महानगरपालिका के स्वच्छता ठेके तथा बायोमायनिंग फेज-3 को लेकर विधानमंडल अनुमान समिति ने गत रोज मनपा प्रशासन को जमकर आडे हाथ लिया. गत रोज जिलाधीश कार्यालय के नियोजन भवन में हुई बैठक के दौरान समिति प्रमुख अर्जुन खोतकर का पारा जमकर चढा हुआ था. कोणार्क कंपनी को दिए गए सफाई ठेके की फाईल दो बार मांगने के बावजूद भी पेश नहीं किए जाने के चलते ‘दस्तावेज क्यो छीपा रहे हो, कुछ तो गडबड है’ जैसे शब्दो में विधायक खोतकर ने संबंधित अधिकारियों को आडे हाथ लिया. जिसके चलते मनपा में अच्छा-खासा हडकंप व्याप्त हैं.

* अधिकारियों में मचा हडकंप
इस बैठक में मनपा द्बारा कोणार्क को दिए गए सफाई ठेके तथा घनकचरा व्यवस्थापन फेज-3 से संबंधित मामलों की फाईल को समिति सदस्यों द्बारा दो बार मांगा गया. परंतु अधिकारियों ने फाईल देने में टालमटोल की. इस अडियल रवैये को देखते हुए समिति प्रमुख अर्जुन खोतकर जबरदस्त ढंग से संतप्त हुए और उन्होंने फाईले छिपाने को लेकर दनादन सवाल करने शुरू किए. खोतकर की इस अनपेक्षित फायरिंग के चलते मनपा अधिकारियों में अच्छा-खासा हडकंप मचा दिखाई दिया.

* अधिकारियों के बीच हुई ‘तू-तू, मै-मै’
समिति द्बारा क्लास लिए जाने के बाद नियोजन भवन के प्रांगण में ही महानगरपालिका के दो बडे अधिकारियों के बीच जबरदस्त ‘तू-तू, मै-मै’ हुई. इस समय एक ‘मैडम’ ने कहा कि ‘नियमबाह्य काम करनेवाले लोग अपनी बैटिंग करके चले गए, और अब हमे सब समेटना पड रहा हैं.’ वहीं दूसरे अधिकारी का कहना रहा कि ‘तुमने गोबर खाया, जिसके लिए अब हम डाट खां रहे हैं. ’

* आयुक्त को देनी होगी साक्ष
कोणार्क कंपनी को दिए गए स्वच्छता ठेके तथा नैफाक कंपनी को सौंपे गए बायोमायनिंग के काम में जबरदस्त आर्थिक गडबडियां होने का संदेह पैदा हुआ है. जिसकी दखल लेते हुए अनुमान समिति ने स्वतंत्र सुनवाई लेने का निर्णय लिया हैं. इसके चलते अब महानगरपालिका आयुक्त को खुद उपस्थित रहकर अनुमान समिति के सामने साक्ष देना होगा. जिसके चलते अब प्रशासन में जबरदस्त बेचैनी वाली स्थिति देखी जा रही हैं.

Back to top button