हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी मन्या गिरफ्तार

गाडगे नगर पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.5 – अमरावती शहर के गाडगेनगर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है. डीबी स्क्वाड की टीम ने कार्रवाई करते हुए मान्या उर्फ मनोज राजरतन डोंगरे (उम्र 30, निवासी लक्ष्मी नगर, अमरावती) को दबोच लिया.
जानकारी के मुताबिक 13 अप्रैल 2026 को सरस्वती नगर स्थित बौद्ध विहार के पास एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विवाद हुआ था. शिकायतकर्ता आशा नरेंद्र निरगुले (60) के अनुसार, पार्थ विजय देशमुख के साथ मनोज डोंगरे और उसके साथियों ने मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे सचिन निरगुले के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की. इसके बाद, जब सचिन निरगुले पुलिस स्टेशन रिपोर्ट दर्ज कराने गए, उसी दौरान मनोज डोंगरे अपने अन्य साथियों और रिश्तेदारों के साथ अवैध रूप से इकट्ठा होकर शिकायतकर्ता के पति नरेंद्र निरगुले पर घातक हथियारों से हमला कर दिया. आरोपियों ने चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और जान से मारने की कोशिश की. शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
घटना के बाद से मुख्य आरोपी मन्या उर्फ मनोज डोंगरे फरार था. पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया. इसके बाद पुलिस ने गोपनीय जानकारी जुटाकर उसके करीबी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी. विश्वसनीय सूचना मिलने पर कि आरोपी नवसारी रिंग रोड स्थित लोखंडे पेट्रोल पंप के पास आने वाला है, पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया. इस मामले की आगे की जांच पीएसआई आशीष दौंड कर रहे हैं. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त रमेश धुमाल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कैलाश पुंडकर, थानेदार गोरखनाथ जाधव सहित अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में डीबी स्क्वाड दल प्रमुख पीएसआई योगेश श्रीवास, हेडकांस्टेबल भारत वानखडे, जवान राजेश गुरेले, मतीन शेख, सुशांत प्रधान, धनराज कुमरे, महेश शर्मा के दल ने की.

Back to top button