सोलर सिस्टम दुकान में चोरी का पर्दाफाश, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
1.91 लाख रुपए का माल जब्त

* गाडगे नगर पुलिस दल की कार्रवाई
अमरावती/दि.5 – स्थानीय गाडगेनगर थाना क्षेत्र में स्थित एक सोलर सिस्टम की दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया. डीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का 1 लाख 91 हजार 925 रुपए का माल भी बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम राजूरा ग्राम के पारधीबेडा निवासी उमेश शिवलिंगदास भोसले (22) और एक नाबालिग है.
शिकायतकर्ता सतीश रामेश्वर करेसिया (45), निवासी विलास नगर, अमरावती ने 3 मई को गाडगेनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि 2 मई की रात 8 बजे वह अपनी करेसिया सोलर सिस्टम दुकान बंद कर घर चले गए थे. अगले दिन सुबह 9 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला. अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ की और काउंटर से 5 मोबाइल फोन, 80 हजार रुपये नकद और डीसी वायर के 6 बंडल ऐसे कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये चोरी कर लिए. कुल चोरी लगभग 2.90 लाख रुपये की बताई गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
मामला दर्ज होते ही पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर गाडगेनगर की डीबी टीम ने जांच तेज की. दल ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की. साथ ही मुखबिरों की सहायता से आरोपी उमेश शिवलिंगदास भोसले (22), निवासी पारधी बेड़ा, राजुरा और एक नाबालिग का समावेश रहने का पता चला. पुलिस ने दोनों को कब्जे में लेकर पूछताछ की तब उन्होंने चोरी की कबूली दी. पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल व 3 नग डीसी वायर बंडल समेत कुल 1 लाख 91 हजार 925 रुपए का माल जब्त किया है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त रमेश धुमाल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कैलाश पुंडकर, थानेदार गोरखनाथ जाधव सहित अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में डीबी स्क्वाड दल प्रमुख पीएसआई योगेश श्रीवास, हेडकांस्टेबल भारत वानखडे, जवान राजेश गुरेले, मतीन शेख, सुशांत प्रधान, धनराज कुमरे, महेश शर्मा के दल ने की.





