जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों में आ रही समस्याओं को लेकर मनपा सक्रिय
पुराने रिकॉर्ड नए सीआरएस पोर्टल पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया में तकनीकी अड़चनें

अमरावती/ दि.7- अमरावती महानगरपालिका के जन्म-मृत्यु विभाग में आ रही तकनीकी व प्रशासनिक समस्याओं को लेकर मनपा प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है. इसी संदर्भ में राज्य आरोग्य जानकारी एवं जीवन विषयक आंकड़ा कार्यालय, औंध पुणे के उपसंचालक डॉ. कमलापुरकर ने 6 मई 2026 को मनपा आयुक्त से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की.
बैठक के दौरान जन्म-मृत्यु निबंधक तथा वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मनपा के पुराने सॉफ्टवेयर में उपलब्ध रिकॉर्ड को नए सीआरएस पोर्टल पर स्थानांतरित करने में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं. इसके चलते नागरिकों को जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस पर उपसंचालक डॉ. कमलापुरकर ने जानकारी दी कि यह सॉफ्टवेयर केंद्र सरकार से संबंधित है तथा पुराने रिकॉर्ड को नए पोर्टल पर स्थानांतरित करने के लिए एपीआई आधारित नई प्रणाली विकसित की जा रही है. आगामी कुछ महीनों में इसकी प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है. तब तक वर्तमान पद्धति के अनुसार ऐड ओल्ड इवेंट प्रणाली के माध्यम से रिकॉर्ड दर्ज करने का सुझाव दिया गया.
* जोन स्तर पर प्रमाणपत्र सुविधा देने की तैयारी
मनपा प्रशासन ने शहर के सभी प्रशासनिक जोन स्तर पर जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल तेज कर दी है. शासन द्वारा सभी झोन में कार्यरत सहायक क्षेत्रीय अधिकारियों को उपनिबंधक जन्म-मृत्यु के रूप में मान्यता प्रदान की गई है. बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि झोन स्तर पर नियुक्त अधिकारियों के लिए आवश्यक यूजर आईडी और पासवर्ड तैयार करने में देरी हो रही है. इस पर उपसंचालक ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया केंद्र शासन स्तर से संचालित हो रही है और तकनीकी कारणों से विलंब हो रहा है.
* आयुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुराने सभी रिकॉर्ड जल्द से जल्द नए सीआरएस पोर्टल पर स्थानांतरित किए जाएं तथा झोन स्तर पर उपनिबंधकों के लिए यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराने हेतु राज्य स्तर पर तत्काल प्रयास किए जाएं.मनपा प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्रों की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक हो.





