प्रदेश में 24 घंटे में पांच बडे हादसे, 11 लोगों की मौत

हलदी के लिए जा रही युवती हादसे की शिकार

* विवाह समारोह से लौटती बारात की भी दुर्घटना
मुंबई/दि.9 – महाराष्ट्र में सड़क हादसों का भीषण दौर जारी है. कोई हल्दी कार्यक्रम के लिए जा रहा था, तो कोई शादी समारोह से लौट रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में हुए 5 बड़े सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई है. सातारा, बीड, बुलढाणा, अकोला और छत्रपति संभाजीनगर में हुए इन हादसों ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है.
* हल्दी कार्यक्रम में जाते समय युवती की मौत
छत्रपति संभाजीनगर के गंगापुर तहसील में एक दर्दनाक हादसा हुआ. इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली तेजल प्रधान अपने पिता के साथ बाइक से हल्दी कार्यक्रम में जा रही थी. रास्ते में एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में तेजल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उनका अस्पताल में इलाज जारी है.
* सातारा में 50 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रक
सातारा तालुका के कासरतले इलाके में एक भीषण दुर्घटना हुई. पुनर्वसन के कारण एक परिवार अपना पूरा सामान ट्रक में भरकर नए स्थान पर जा रहा था. सड़क किनारे खड़ा आयशर ट्रक अचानक 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा. इस हादसे में एक छोटे बच्चे समेत तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई. ट्रक में मौजूद कुछ पशुओं की भी मौत हो गई. ट्रक चालक इस हादसे में बच गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज सातारा जिला अस्पताल में चल रहा है.
* बुलढाणा में बेटे-बेटी की शादी के बीच पसरा मातम
बुलढाणा जिले के राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 53 पर एक दुखद हादसा हुआ. पंढरी त्र्यंबक बगाडे पैदल जा रहे थे, तभी एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सबसे दर्दनाक बात यह रही कि उनके बेटे की शादी उसी दिन थी, जबकि बेटी की शादी अगले दिन होने वाली थी. घर में शादी की खुशियां चल रही थीं, लेकिन पिता की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई.
* शादी समारोह से लौट रहे दंपती की मौत
बीड जिले के गेवराई तहसील के कोलगांव के पास कल्याण-विशाखापट्टणम महामार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ. शिरूर कासार तालुका के निमगाव मायंबा निवासी बाबूराव राम बले और उनकी पत्नी मंगल बाबूराव बले शादी समारोह से लौटकर बाइक से घर जा रहे थे. तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार टेम्पो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस टक्कर में पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
* अकोला में खाना खाकर लौट रहे युवकों को मारी टक्कर
अकोला-पातूर रोड पर देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. दो युवक दिल्ली दरबार होटल में खाना खाकर अकोला लौट रहे थे. हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. अकोला पुराने शहर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Back to top button