जिले के सभी जलाशयों पर किए जाए सुरक्षा उपाय
पूर्व पार्षद प्रवीण हरमकर ने उठाई मांग

* जिलाधिकारी को सौंपा गया निवेदन
अमरावती/दि.11- अमरावती जिले के विभिन्न तालाबों, बांधों एवं गहरे जलाशयों में लगातार हो रही डूबने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए शिवसेना शहर प्रमुख तथा पूर्व विरोधी पक्षनेता प्रवीण वसंतराव हरमकर ने जिलाधिकारी को निवेदन सौंपकर तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है.
पूर्व पार्षद प्रवीण हरमकर द्बारा जिलाधिकारी कार्यालय अमरावती को दिए गए निवेदन में कहा गया है कि जिले के विभिन्न तलाव, बंधारे और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में आए दिन छोटे बच्चों और युवाओं की डूबने से मौत हो रही है. इन दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण संबंधित स्थानों पर चेतावनी फलक, सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन साधनों का अभाव बताया गया है.
निवेदन में मांग की गई है कि जिले के सभी खतरनाक जलाशयों एवं नदीघाटों पर मराठी भाषा में बड़े अक्षरों में गहरा पानी-खतरा, तैरना सख्त मना है तथा प्रवेश निषिद्ध जैसे सूचना फलक लगाए जाएं. इसके अलावा पानी की गहराई दर्शाने वाले संकेतक, लाइफ जैकेट, टायर ट्यूब, रस्सियां और प्राथमिक उपचार पेटियां उपलब्ध कराई जाएं.साथ ही प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्रों में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों और जीवनरक्षकों की नियुक्ति करने, स्कूल-कॉलेजों तथा ग्राम पंचायतों के माध्यम से जनजागृति अभियान चलाने तथा अत्यंत खतरनाक क्षेत्रों में बैरिकेडिंग या तारबंदी करने की मांग भी की गई है.
पुर्व पार्षद प्रवीण हरमकर ने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करता है तो भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और अनेक परिवारों को उजड़ने से बचाया जा सकता है. इस निवेदन की प्रतिलिपि सांसद बलवंत वानखडे, सांसद डॉ. अनिल बोंडे, विधायक संजय खोडके तथा विधायक सुलभा खोडके को भी भेजी गई है.





