काम के लिए बाहर निकले, फिर वापस नहीं लौटे

पुणे के होटल में व्यापारी अशोक जैन का शव मिला

पुणे /दि.12- पुणे के व्यापारी अशोक जैन (उम्र 61 वर्ष) एक होटल के कमरे में बेहोशी की हालत में पड़े मिले. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्राथमिक जानकारी के अनुसार उन्होंने जहरीला पदार्थ सेवन किया होने का संदेह जताया जा रहा है. कमरे का दरवाजा काफी देर तक खटखटाया गया, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई. होटल कर्मचारियों को शक हुआ और कुछ ही समय में पुणे के अप्टे रोड इलाके में बड़ी हलचल मच गई. दरवाजा खोला गया और अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए.
* खुदकुशी का संदेह
यह घटना शनिवार 9 मई को दोपहर में सामने आई. होटल कर्मचारियों ने दरवाजा बंद होने पर पुलिस को सूचना दी. डेक्कन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कमरे को खोला. इसके बाद पूरा मामला सामने आया. अशोक जैन शुक्रवार 8 मई को दोपहर घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे. फोन भी नहीं लगने पर परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी. आखिरकार स्वारगेट पुलिस स्टेशन में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी.
* घटनास्थल पर पुलिस को मिली पर्ची
इस बीच, पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो एक पर्ची मिली. स्थिति को देखते हुए यह प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है और इस संबंध में आकस्मिक मृत्यु दर्ज की गई है.
* पर्ची में कारण लिखा
पुलिस के अनुसार, उस पर्ची में आर्थिक तंगी का उल्लेख मिला है. हालांकि यह पर्ची वास्तव में अशोक जैन ने ही लिखी है या नहीं, इसकी जांच परिजनों की मदद से की जाएगी. इस घटना से शहर और व्यापारी वर्ग में शोक व्यक्त किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य सबूतों की जांच कर रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का असली कारण स्पष्ट होगा.

Back to top button