पत्थर से कुचलकर आरटीआई कार्यकर्ता की हत्या
पालघर में मची सनसनी

पालघर/दि.14 – विरार में मंगलवार को दिनदहाड़े आत्माराम पाटील की दगड से कुचलकर हत्या किए जाने की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यह घटना शिरगांव इलाके में घटी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतक आत्माराम पाटील आरटीआई कार्यकर्ता थे.
जानकारी के अनुसार, आत्माराम पाटील मंगलवार दोपहर अपने साथ वसई तहसील कार्यालय के मंडल अधिकारी प्रभाकर पाटील के साथ किसी शासकीय काम के लिए शिरगांव स्थित खदान परिसर में गए थे. उसी समय उन पर हमला कर उनकी हत्या कर दी गई.
* परिजनों का गंभीर आरोप
आत्माराम पाटील के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी भालचंद्र पाटील और महेश पाटील ने अनधिकृत बंगला, खदान और अवैध जमीन कब्जे के खिलाफ की गई शिकायतों की रंजिश में यह हत्या की है. परिजनों के अनुसार, मंडल अधिकारी प्रभाकर पाटील के सामने ही आत्माराम पाटील को बेरहमी से पत्थरों से कुचलकर मार दिया गया.
* घटना कैसे हुई?
शिरगांव की खदान को लेकर अमित चौधरी ने शिकायतें दर्ज कराई थीं. इन शिकायतों के बाद तहसीलदार के आदेश पर मंडल अधिकारी प्रभाकर पाटील मौके पर निरीक्षण के लिए गए थे. शिकायतकर्ता के कहने पर आत्माराम पाटील भी स्थिति दिखाने गए थे, तभी आरोपियों ने गुस्से में आकर उन पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि इस वारदात में 10 से 12 लोग शामिल थे. पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.
* घर में सत्यनारायण पूजा के बीच मातम
आत्माराम पाटील के परिवार में उनके भतीजे की शादी दो दिन पहले ही हुई थी और मंगलवार को घर में सत्यनारायण पूजा चल रही थी. उसी समय दोपहर करीब 12 बजे यह दर्दनाक घटना हुई. परिवार में जहां खुशी का माहौल था, वहीं कुछ ही पलों में मातम छा गया. परिजनों का कहना है कि मुख्य आरोपी भालचंद्र पाटील विरार पूर्व क्षेत्र का बड़ा आका है और उस पर कई लोगों की जमीन हड़पने के आरोप भी हैं. परिवार ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.





