खुशखबरी: 26 मई को मानसून केरल में
मौसम विभाग का अनुमान

नागपुर/दि,15- गर्मी और उमस से परेशान नागरिकों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून समय से पहले ही केरल में पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 26 मई को मानसून केरल तट पर पहुंच सकता है. इससे किसानों और आम नागरिकों में संतोष का माहौल बना है.
आयएमडी की जानकारी के अनुसार, अगले 48 घंटों में दक्षिण अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मानसून के आगमन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो रहा है. 16 मई के आसपास मानसून के अंडमान क्षेत्र में पहुंचने की संभावना जताई गई है. वहीं 26 मई को मानसून केरल में पहुंचने का अनुमान भारतीय मौसम विभाग ने व्यक्त किया है. इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में अगले 4 से 5 दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, माहे और दक्षिण कर्नाटक में जोरदार बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.
* पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, 13 से 19 मई के दौरान पूर्वोत्तर भारत में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में 50 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, ऐसी चेतावनी भी दी गई है. बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र अधिक सक्रिय होने से उसका असर अगले कुछ दिनों में देश के मौसम पर दिखाई देगा, ऐसा आईएमडी ने स्पष्ट किया है.
* देश के कई हिस्सों में हीटवेव जारी
एक तरफ मानसून के आगमन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं, वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत में हीटवेव जारी है. राजस्थान के बाड़मेर में देश का सबसे अधिक 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है.
* 6 जून तक कोंकण में मानसून पहुंचने की संभावना
आईएमडी के अनुमान के अनुसार, मानसून 5 जून तक गोवा पहुंच सकता है और 6 जून तक उसके कोंकण पहुंचने की संभावना है. वहीं 7 जून तक पुणे में मानसून पहुंचने का अनुमान जताया गया है. खास बात यह है कि इस साल मानसून के शुरुआती चरण में बंगाल की खाड़ी या अरब सागर में कोई चक्रवात विकसित नहीं हुआ है. इसलिए मानसून की यात्रा में किसी बड़े बाधा की संभावना कम है, ऐसा मौसम विशेषज्ञों का मानना है.





