बल्ले ने मारे चौके-छक्के, नगाडे की आवाज फुस्स
धन्वंतरी अस्पताल में सहकार पैनल की धमाकेदार जीत

* सभी 13 उम्मीदवार विजयी
* कल मतदान पश्चात आज हुई वोटों की गिनती
* पांच वर्षों के लिए चुनी गई कार्यकारिणी
अमरावती/दि.18 – बडनेरा रोड स्थित धन्वंतरी सहकारी रूग्णालय सहकारी संस्था का पंचवार्षिक संचालक मंडल चुनाव हेतु कल रविवार 17 मई को कराए गए मतदान पश्चात आज सबेरे वोटों की गिनती शुरु की गई. दोपहर को प्राप्त ताजा ट्रेंड के अनुसार धन्वंतरी सहकार पैनल ने बाजी मार ली. पैनल के सभी 12 प्रत्याशी चुनाव जीत गए. जिससे अगले पांच वर्षों की कार्यकारिणी का चित्र स्पष्ट हो गया. सहकार पैनल के बल्ला निशानी ने धूम मचा दी. जबकि प्रतिस्पर्धी नगाडे का आवाज दब गया. बता दें कि, इस चुनाव में बरसों से अस्पताल में सेवा दे रहे और देखरेख कर रहे डॉ. ओ. जी. मूंधडा, डॉ. अनिल रोहणकर, डॉ. आशीष साबू, डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. अविनाश लव्हाले, डॉ. स्वप्नील शिरभाते निर्विरोध संचालक चुने गए थे.
आज घोषित परिणामों में इसी पैनल के सभी 12 प्रत्याशी चुनाव जीत गए हैं. उनमें सर्वश्री राजेश गोयनका, डॉ. प्रमोद झाडे, अशोक ठाकरे, अजय दातेराव, ओंकारराव बंड, प्रतापराव भुयार, गजानन रडके, महिला आरक्षित दो सीटों से मीनल मनीष देशमुख और वंदना प्रशांत वानखडे एवं ओबीसी सीट से अमित गावंडे, एस. सी.सीट से संजय खडसे, एसटी सीट से अरूण बांबल का समावेश है.
बता दें कि, रविवार 17 मई को सबेरे 8 से दोपहर 4 बजे दौरान पुराना आशीर्वाद मंगल कार्यालय स्थित आर्कीड सिटी इंटरनेशल स्कूल में बनाए गए 8 मतदान केन्द्रों पर वोटिंग ली गई. केवल 1052 सभासदों ने वोट डाले. आज उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में चुनाव अधिकारी सुधीर खंबायत और सहायक चुनाव अधिकारी अविनाश महल्ले की देखरेख में तीन प्रकार के बैलेट पेपर एकत्र कर काउंटिंग शुरु की गई. दोपहर एक बजे से नतीजे आने प्रारंभ हो गए. सर्वप्रथम ओपन सीट के संचालकों की वोटों की गणना कर परिणाम घोषित किए गए. अधिकांश सभासदों ने सहकार पैनल के बल्ले को चुना.
संपूर्ण पैनल की विजय का श्रेय डॉ. ओ. जी. मूंधडा ने सभी के समवेत प्रयासों को दिया और बताया कि, संस्था को विकास पथ पर आगे बढाना लक्ष्य है. यहां अगले कुछ वर्षों में बेहतरीन वैद्यकीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर नए संचालक मंडल का बल रहेगा, ऐसा डॉ. मूंधडा ने कहा.





