कृषि विज्ञान केंद्र धातखेडा में राजीव गांधी कृषि रत्न पुरस्कार समारोह

धारणी की महिला किसानों ने कृषि विज्ञान केंद्र के प्रति जताया आभार

अमरावती/दि.28- राज्यस्तरीय राजीव गांधी कृषि रत्न पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन पिपल्स वेलफेअर सोसायटी अमरावती के सचिव तथा कृषि विज्ञान केंद्र धातखेडा के आर्थिक सलाहगार समिति सदस्य अभय देशमुख की अध्यक्षता में किया गया. समारोह का उद्घाटन जिलाधीक्षक कृषि अधिकारी राहुल सातपुते के हाथों हुआ. समारोह में प्रमुख अतिथि के रुप में राजीव गांधी कृषि प्रतिष्ठान के अध्यक्ष प्रकाश साबले, कृषि विज्ञान केंद्र धातखेडा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. अतुल कलस्कर तथा राजीव गांधी कृषि प्रतिष्ठान की सदस्या पूर्णिमा सवई उपस्थित थे. वहीं डॉ. दिलीप काले प्रफुल राउत, अविनाश पांडे, दत्तात्रय किटूकले, राहुल तायडे, अनुल्ला खान और सुनील साबले सहित गणमान्य नागरिकों ने उपस्थिति दर्ज कराई.
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रस्तावना प्रकाश साबले ने रखी तथा उद्घाटन भाषण राहुल सातपुते ने दिया तथा पूर्णिमा सवई और डॉ. अतुल कलस्कर ने किसानों को मार्गदर्शन देते हुए कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नई संभावनाओं पर प्रकाश डाला. इस दौरान डॉ. कलस्कर ने वसुधा देशमुख का संदेश उपस्थित किसानों को पढकर सुनाया. राजीव गांधी कृषि रत्न पुरस्कार समारोह में अरुणा दिनेश बनसोड जीजीबाई छोटेलाल गावसकर, राहुल घोगरे, प्रदीप वानखेडे, सीमा देशमुख को साम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन कृषि विज्ञान केंद्र के अमर तायडे ने किया. इस समय किसान, महिला बचत समूह की सदस्या तथा कृषि क्षेत्र से जुडे अनेक गणमान्य व्यक्ति बडी संख्या में उपस्थित थे.
इस अवसर पर धारणी से आयी महिला किसानों के लिए कृषि विज्ञान केंद्र धातखेडा में प्रक्षेत्र भ्रमण का भी आयोजन किया गया था. इस दौरान महिला किसानों को विभिन्न कृषि विषयों पर मार्गदर्शन करते हुए आधुनिक कृषि से जुडी जानकारी प्रदान की गई. सभी महिला किसानों ने कृषि विज्ञान केंद्र के प्रति आभार व्यक्त किया.

Back to top button