42 युवक सेहरा बांधकर मंडप में बैठे, लेकिन दुल्हन का कोई पता नहीं

बाराती शादी समारोह में इंतजार करते रहे

* देवास में मचा हड़कंप!
देवास /दि.27- मध्य प्रदेश के देवास जिले में शादी के नाम पर धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इस मामले में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 42 युवकों को शादी का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी की गई. ये सभी युवक सिर पर साफा बांधकर अपने बारातियों के साथ देवास के क्लब मैदान में पहुंचे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी न दुल्हन आई और न ही उसका परिवार. जब सच्चाई सामने आई, तो मौके पर पूरे मामले का खुलासा हुआ और हड़कंप मच गया. इस धोखाधड़ी के खिलाफ पीड़ित दूल्हों ने अब न्याय के लिए पुलिस का सहारा लिया है. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, देवास और आसपास के जिलों के 42 युवकों के साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी की गई. आरोप है कि विदिशा के एक युवक ने खुद को बिचौलिया बताकर इंदौर के एक अनाथ आश्रम की लड़कियों के लिए सामूहिक विवाह कराने का आश्वासन दिया था. इसके बदले प्रत्येक युवक से 15,000 से 25,000 रुपये लिए गए. शादी तय होने के बाद युवकों को उनके मोबाइल फोन पर लड़कियों की तस्वीरें दिखाकर भरोसा दिलाया गया कि उनकी शादी तय हो चुकी है.
मिली जानकारी के अनुसार, तय कार्यक्रम के मुताबिक सभी युवक दूल्हे के वेश में सुबह-सुबह क्लब मैदान पहुंच गए. शादी की तैयारियां भी की गई थीं. लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, दुल्हनों का कहीं कोई पता नहीं चला. देर रात तक कोई नहीं पहुंचा, तब युवकों को एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है. मौके पर मौजूद दूल्हों और उनके परिवार वालों ने जमकर हंगामा किया.
पीड़ितों का आरोप है कि शादी के नाम पर उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया और उनसे लाखों रुपये ठगे गए. शादी की उम्मीद में कई युवकों ने उधार लेकर पैसे दिए थे. पीड़ितों ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
देवास बीएनपी पुलिस स्टेशन की प्रभारी प्रीति कटारे ने बताया कि यह मामला शादी के नाम पर की गई धोखाधड़ी का है. पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है. जिस अनाथ आश्रम के नाम पर युवकों से ठगी की गई, उसके संचालकों से भी पुलिस पूछताछ करेगी. फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. लोगों का कहना है कि शादी जैसे पवित्र रिश्ते के नाम पर इस तरह की धोखाधड़ी बेहद शर्मनाक है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

Back to top button