वर्धा नदी पर तैरने गए 6 जवानों में से एक की मौत

भद्रावती तहसील के पाटाला के निकट रालेगांव घाट की घटना

भद्रावती /दि.29 – भद्रावती तहसील के पाटाला गांव के पास वर्धा नदी के रालेगांव घाट पर तैरने के लिए गये महाराष्ट्र सिक्युरिटी फोर्स के 6 जवानों में एक की डूबने से मृत्यु हो गई. इस घटना के कारण माजरी परिसर में खलबली मच गई है.
वैस्टर्न कोलफिल्डस माजरी परिसर के कोयला खदान की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महाराष्ट्र सिक्युरिटी फोर्स के जवान तैनात है. मंगलवार 26 मई की शाम 5 बजे के दौरान विजय ओंकार काले (30), पितांबर केशव गुरनुले (32), चक्रधर माधव चंडिका (31), प्रदीप विष्णु राठोड (32), शेख बादशाह धोटे (30) और प्रवीण रामचंद्र कोरेवार (32) ऐसे 6 जवान पाटाला गांव के निकट वर्धा नदी के रालेगांव घाट परिसर में तैरने के लिए गये थे. तैरते समय जलगांव जिले के दहेगांव निवासी विजय ओंकार काले नामक जवान को पानी की गहरानी का अनुमान न लगने से संतुलन बिगड गया और वह पानी में डूबने लगा. उसके साथ के 5 जवानों ने उसे बचाने का प्रयास किया. लेकिन वह गहरे पानी में डूब गया. घटना की जानकारी मिलते ही माजरी पुलिस को सूचित किया गया. अंधेरा होने से खोज अभियान रोका गया. पश्चात बुधवार को सुबह विजय काले का शव पानी में तैरता दिखाई दिया. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. मृतक जवान विवाहित है. उसके पीछे पत्नी और तीन साल का बेटा है. इस प्रकरण में माजरी पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज की है.

Back to top button