मनपा अतिक्रमण कार्यालय परिसर में वाहन में लगी आग
अग्निशमन दल की तत्परता से बड़ा नुकसान टला

* करीब चार लाख रुपये की संपत्ति खाक होने से बचाई गई
अमरावती/दि.28 – अमरावती महानगरपालिका के अतिक्रमण विभाग कार्यालय परिसर में गुरुवार तड़के एक वाहन में आग लगने की घटना सामने आई. अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया.
जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को सुबह करीब 3:02 बजे अग्निशमन मुख्यालय नियंत्रण कक्ष को अजय पंधरे ने सूचना दी कि हमालपुरा स्थित मनपा अतिक्रमण विभाग कार्यालय परिसर में एक वाहन में आग लग गई है. सूचना मिलते ही शिफ्ट इंचार्ज सुनील काकडे तथा केंद्रप्रमुख प्रेमानंद सोनकांबले के निर्देश पर फायर लॉरी क्रमांक एमएच-27/बीएक्स-7202 तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई. फायर ब्रिगेड की टीम सुबह 3:06 बजे मौके पर पहुंची और होजरील होज की सहायता से आग बुझाने का कार्य शुरू किया. इस दौरान वाहन चालक सागर टपके तथा फायरमैन अमोल सालुंके, राजेश गजबे और निशांत राठोड ने तत्परता से कार्रवाई की.
इस अग्नीकांड में टाटा एस (छोटा हाथी) क्रमांक एमएच-12/एफबी-5520 वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय निवासी भोगे के अनुसार वाहन को लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है. हालांकि अग्निशमन विभाग की सतर्कता से करीब चार लाख रुपये की अतिरिक्त संपत्ति को नुकसान से बचा लिया गया. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है.