छुट्टियों में मामा के गांव गए, खेलते समय काल का झपट्टा
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ऊपर पलटा; मामा समेत दोनों भांजों का करुण अंत

अहिल्यानगर./दि.28 – अहिल्यानगर के नेवासा तालुका के खरवंडी में हुई भीषण ट्रैक्टर दुर्घटना में सोनई के दो नाबालिग सगे भाइयों समेत उनके मामा की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक व्यक्त किया जा रहा है. तेज रफ्तार ट्रैक्टर के अचानक पलटने से अभिषेक, विजय और उनके मामा रामेश्वर मराठे, तीनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए. एक पल में दो परिवारों का सहारा छीन लेने वाली इस घटना से सोनई और खरवंडी गांवों में मातम पसर गया है.
आखिर कैसे हुई दुर्घटना? सोनई के दत्तनगर इलाके के प्रगतिशील किसान और डेयरी व्यवसायी गणेश दरंदले के बेटे अभिषेक गणेश दरंदले (16) और विजय गणेश दरंदले (14) स्कूल की छुट्टी होने के कारण कल बुधवार सुबह खरवंडी में अपने मामा रामेश्वर बालासाहेब मराठे के घर गए थे. दिन भर खुशी में बीता यह पल शाम को काल ने छीन लिया. शाम के समय खरवंडी इलाके में ट्रैक्टर की भीषण दुर्घटना हुई. तेज रफ्तार ट्रैक्टर के अचानक पलटने से अभिषेक, विजय और उनके मामा रामेश्वर मराठे, तीनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए.
ट्रैक्टर सीधा करके तीनों को बाहर निकाला दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को सीधा किया और तीनों को बाहर निकाला. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी. इस घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसर गया. नेवासा में पोस्टमार्टम के बाद शाम को रामेश्वर मराठे का खरवंडी में अंतिम संस्कार किया गया. अभिषेक और विजय, दोनों भाइयों का सोनई में बेहद शोकपूर्ण वातावरण में अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. गांव का माहौल स्तब्ध था.





