निर्माण कार्य शुरु रहते दीवार ढहने से दो लोगों की मौत
बुलढाणा जिले के पिंपलगांव राजा की घटना

खामगांव/दि.30– बुलढाणा जिले के खामगांव तहसील में आने वाले पिंपलगांव राजा में घर का निर्माणकार्य शुरु रहते अचानक दीवार ढहने से हुई भीषण दुर्घटना में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. गुरुवार 28 मई की रात घटित इस घटना के कारण परिसर में हडकंप मच गया है.
जानकारी के मुताबिक अहमद खान मुकद्दर खान के मकान का निर्माणकार्य शुरु था. निर्माणकार्य स्थल पर पानी देते समय अचानक दीवार का बडा हिस्सा गिर पडा. इस दुर्घटना में मुकद्दर खान अहमद खान (74) और शेख युसुफ शेख बिस्मिल्ला (38) की दीवार के नीचे दबने से घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही नागरिकों की भारी भीड उमड पडी. नागरिकों की सहायता से मलबा हटाकर दोनों मृतकों के शव बाहर निकाले गये. पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचा दिया है. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.





