संगीता चावला को सिंध नारी रत्न पुरस्कार

शहर की बेटी को सूरत में आयोजित भव्य समारोह में किया सम्मानित

जलगांव/दि.2– समाजसेविका संगीता चावला को सूरत में आयोजित भव्य समारोह में ऑल इंडिया लेडिज सिंधी नारी रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया.
संगीता चावला लंबे समय से सामाजिक कार्यो में सक्रिय है. वे रॉबीनहूड आर्मी के माध्यम से जरुरतमंद बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने, अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन वितरण करने तथा जरुरतमंद महिलाओं को राशन सहायता पहुंचाने का कार्य कर रही है. इसके अलावा वे साईं ग्रुप के साथ मिलकर भी विभिन्न सेवा गतिविधियों में लगातार योगदान दे रही है.
बताया गया कि, देशभर से लगभग 600 महिलाओं में से चयनित 100 महिलाओं को इस सम्मान के लिए चुना गया, जिसमें संगीता चावला ने अपनी विशेष पहचान बनाई. उनकी सामाजिक सेवाओं के चलते उनका नाम इंडिया वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया जा चुका है. उनकी इस उपलब्धि के बाद जलगांव सहित सिंधी समाज और सामाजिक क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा विभिन्न सामाजिक संगठनाओं द्वारा उन्हें बधाईयां दी जा रही है. यह सम्मान समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है.
सिंधी वुमेन एंटरप्रेन्योर्स कम्युनिटी (एसडब्ल्यूईसी) द्वारा 9 एवं 10 मई को सूरत में दो दिवसीय भव्य सिंधी नारी रत्न पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया था. इस राष्ट्रीय स्तर के समारोह में देशभर से आई लगभग 100 महिला उद्यमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करनेवाली महिलाओं को सम्मानित किया गया. यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, सामाजिक एकता और उद्यमशिलता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साबित हुआ. गौरतलब है कि, संगीता चावला शहर के प्रतिष्ठित नागरिक उज्वल वालेच्छा की बहन है.

Back to top button