अवैध रेत तस्करी पर बड़ी कार्रवाई

20.55 लाख रुपये का डंपर और रेत जब्त

मोर्शी /दि.2- अवैध रेत उत्खनन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिरखेड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लाख 55 हजार रुपये मूल्य का डंपर और रेत जब्त किया है. इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
जानकारी के मुताबिक शिरखेड पुलिस थाना प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक ईश्वर दिनकरराव वर्गे अपनी टीम के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि मोर्शी-चांदूर बाजार मार्ग पर खेड फाटा के पास एक डंपर में अवैध रूप से रेत की तस्करी की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर नाकाबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया. कुछ समय बाद संदिग्ध डंपर को रोककर उसकी तलाशी ली गई. पुलिस ने चालक से रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगे, लेकिन वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका.
जांच में पाया गया कि डंपर में भरी गई रेत का परिवहन अवैध रूप से किया जा रहा था. इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टाटा कंपनी का 12 पहिया डंपर और उसमें भरी लगभग 11 ब्रास रेत जब्त कर ली. जब्त किए गए वाहन और रेत की कुल अनुमानित कीमत 20 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस ने इस मामले में दिलीपराव रोतले (36, निवासी शिरजगांव बंड) और रौनक संजयराव हिम्मते (36, निवासी चांदूर बाजार) के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. शिरखेड पुलिस अब यह जांच कर रही है कि अवैध रेत का उत्खनन किस स्थान से किया गया था और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस और राजस्व विभाग ने क्षेत्र में अवैध खनन एवं रेत तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त निगरानी और सघन जांच अभियान तेज कर दिया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

Back to top button