ऋषभ ने घर में पडे कबाड से बना दिया रिमोट कंट्रोल ट्रैक्टर

आमगांव के छात्र ने पेश की ‘वेस्ट टू बेस्ट’ की अनूठी मिसाल

आमगांव/दि.2- प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, यह साबित कर दिखाया है आमगांव के लांजी रोड निवासी और कक्षा दसवीं के छात्र ऋषभ लखनलाल हरिणखेडे ने उसने ऑटोमोबाइल तकनीक के प्रति विशेष लगाव और नवाचार की सोच के बल पर घर में पडे कबाड और अनुपयोगी वस्तुओं से दो आकर्षक एवं पूरी तरह कार्यशील रिमोट कंट्रोल ट्रैक्टर मॉडल तैयार कर दिया.
ऋषभ ने ‘वेस्ट टू बेस्ट’ की अवधारणा को साकार करते हुए बेकार पीवीसी पाइप, रबर, पुरानी दुपहिया की चेन, गियर मोटर तथा मिक्सर मशीन के पुराने गियर का उपयोग कर ट्रैक्टर का निर्माण किया. ट्रैक्टर का मजबूत चेचिस पीवीसी पाइपों से बनाया गया है, जबकि टायर अनुपयोगी रबर से तैयार किए गए है. इसमें विशेष बात यह है कि, उसने दुपहिया की पुरानी चेन और 50 रुपए की गियर मोटर की मदद से स्टेअरिंग सिस्टीम विकसित किया.
इस मॉडल का सबसे उल्लेखनीय हिस्सा इसका कार्यशील डिफरेंशियल मैकेनिज्म है. जिसे ऋषभ ने पुराने मिक्सर-ग्राइंडर के गियर का उपयोग कर तैयार किया है. यह तकनीक ट्रैक्टर को वास्तविक वाहन की तरह आसानी से मोडने में सक्षम बनाती है. बैटरी संचलित यह मॉडल न केवल तकनीकी कौशल का उदाहरण है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और अनुर्चक्रण का भी प्रेरक संदेश देता है. के. के. इंग्लिश प्रायमरी स्कूल के छात्र ऋषभ की इस उपलब्धि से उसके माता-पिता, शिक्षक और क्षेत्रवासी गौरवान्वित है. भविष्य में मैकेनिकल इंजीनियर बनने का सपना देखनेवाले ऋषभ की मेहनत और प्रतिभा की सराहना की जा रही है.

Back to top button