जेईई एडवांस्ड के नतीजे घोषित
नागपुर का कोविद बूब देश में एएसी कैटेगरी में अव्वल

* माधव नोतानी नागपुर शहर में टॉपर
नागपुर/दि.2 – देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों आईआईटी में प्रवेश के लिए आयोजित जेईई एडवांस्ड-2026 परीक्षा के परिणाम सोमवार को घोषित किए गए. इस परीक्षा में नागपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया है.
नागपुर के छात्र माधव साधुराम नोतानी ने कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में देशभर में 25वीं रैंक हासिल कर शहर में पहला स्थान प्राप्त किया है. वहीं कोविद महेश बूब ने ऑल इंडिया रैंक 82 प्राप्त करते हुए अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग में देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है. इस उपलब्धि के साथ कोविद बूब एससी श्रेणी में देश के टॉपर बने हैं. जेईई एडवांस्ड-2026 के लिए देशभर से 1,87,389 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था. इनमें से 1,79,694 विद्यार्थियों ने 17 मई को आयोजित परीक्षा में भाग लिया. परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की गई थी. पहला पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरा पेपर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुआ. परिणामों के अनुसार कुल 56,880 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिनमें 10,107 छात्राएं शामिल हैं. नागपुर के माधव नोतानी और कोविद बूब देश के शीर्ष 100 सफल विद्यार्थियों में शामिल रहे.
मूल रूप से गोंदिया निवासी माधव नोतानी ने अपनी स्कूली शिक्षा नागपुर में पूरी की है. माधव और कोविद दोनों ने एलन कोचिंग संस्थान से तैयारी की थी. संस्थान के अनुसार उसके 14 विद्यार्थियों ने देश के शीर्ष 500 और 14 विद्यार्थियों ने शीर्ष 1000 रैंक में स्थान बनाया है, जबकि 45 विद्यार्थियों ने टॉप 5000 में जगह हासिल की है. जानकारी के अनुसार नागपुर के लगभग 100 विद्यार्थियों ने टॉप 5000 रैंक में स्थान प्राप्त किया है. अब सफल अभ्यर्थी जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (जोसा) द्वारा आयोजित काउंसलिंग और सीट आवंटन प्रक्रिया में भाग लेंगे, जिसके माध्यम से उन्हें आईआईटी, एनआईटी और अन्य प्रमुख तकनीकी संस्थानों में प्रवेश मिलेगा.





