सर्वज्ञ फाउंडेशन रोटी बैंक के 8 वर्ष पूर्ण, नौवें वर्ष में प्रवेश

स्व. रमेशराव पावडे की जयंती पर विविध सामाजिक कार्यक्रम

अमरावती/दि.3– श्री प्रभु कृपा एवं नागरिकों के आशीर्वाद से 7 जून 2018 को स्थापित सर्वज्ञ फाउंडेशन रोटी बैंक को आगामी 7 जून को 8 वर्ष पूर्ण होकर नौवें वर्ष में प्रवेश हो रहा है. पूर्व पार्षद व डॉ. पंजाबराव देशमुख अर्बन को-ऑप बैंक के पूर्व उपाध्यक्ष स्व. रमेशराव पावडे की प्रेरणा से शुरू हुई इस संस्था का कार्यालय सरस्वती नगर, नवीन कॉटन मार्केट के पीछे, अमरावती में स्थित है. संस्थापक अध्यक्ष मनीष रमेशराव पावडे व सचिव वैशाली पावडे के नेतृत्व में सेवादारों की टीम पिछले 8 वर्षों से निस्वार्थ भाव से सेवा कर रही है. स्व. रमेशराव पावडे की जयंती निमित्त विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है.
संस्था के प्रेरणास्रोत स्व. रमेशराव पावडे की जयंती एवं नौवें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. शनिवार 6 जून को सुबह 10 बजे हनुमान मंदिर चौधरी चौक, गजानन बाबा मंदिर इर्विन चौक एवं श्री अंबादेवी मंदिर परिसर में सड़क किनारे निराधार नागरिकों को अन्नदान किया जाएगा. रविवार 7 जून को सुबह 10 बजे गांधी चौक स्थित पानपोई पर मिठाई वितरण, दोपहर 12 बजे बडनेरा बेघर आधार केंद्र व गाडगेबाबा वृद्धाश्रम में मिठाई वितरण, वसा फाउंडेशन को मूक प्राणियों की सेवा हेतु संस्था द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, शाम 7 बजे सर्वज्ञ फाउंडेशन कार्यालय, सरस्वती नगर में गुणवंत विद्यार्थी, वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं राज्यस्तरीय चित्रकला स्पर्धा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन होगा.

* पानपोई सेवा के 90 दिन पूर्ण
उल्लेखनीय है कि 7 जून को ही गांधी चौक में चल रही 100 दिवसीय निःशुल्क पानपोई सेवा के 90 दिन भी पूर्ण हो रहे हैं.
* 8 वर्षों की प्रमुख सेवाएं
– दैनिक अन्नदान: 2018 से सड़क किनारे निराधार लोगों को गर्म भोजन का वितरण.
– कोरोना काल में सेवा: 2020-21 के लॉकडाउन में लाखों प्रवासी मजदूरों व निराधारों तक पका भोजन व अनाज किट पहुंचाया.
– निःशुल्क पानपोई: गर्मी में प्रतिवर्ष 100 दिनों तक गांधी चौक पर पानपोई सेवा.
– धार्मिक आयोजन: प्रतिवर्ष भागवत सप्ताह का आयोजन, इस वर्ष सितंबर में गोकुलाष्टमी पर आयोजन प्रस्तावित.
– सामाजिक कार्य: नेत्रहीन व दिव्यांगजन के सामूहिक विवाह, कंबल-चप्पल वितरण, अंध विद्यालय में सामग्री वितरण.
– स्वास्थ्य व पर्यावरण: रोगियों को चिकित्सा सहायता, वृक्षारोपण, पक्षियों के लिए घोंसले निर्माण.
– व्यक्तिगत सेवा: निराधारों के लिए निःशुल्क हेयर कटिंग, शेविंग सेवा.

* मान्यता एवं सम्मान
संस्था को दिल्ली, मुंबई, पुणे, औरंगाबाद, कोल्हापुर, सोलापुर, शेगांव, नागपुर व अमरावती में सम्मानित किया जा चुका है. संत गाडगेबाबा अमरावती विश्वविद्यालय द्वारा ’श्री संत गाडगेबाबा सामाजिक कार्य पुरस्कार’ से सम्मानित. संस्था 12ए, 80जी एवं नीति आयोग सीएसआर प्रमाणित है. संस्थापक अध्यक्ष मनीष रमेशराव पावडे ने बताया, कोरोना काल में भूखे लोगों तक भोजन पहुंचाने के लिए हमने दिन-रात काम किया. हम केवल माध्यम हैं, असली कर्ता वे दानवीर हैं जो गुप्तदान करते हैं. नौवें वर्ष में अन्नदान के साथ धार्मिक-सामाजिक कार्यों को और विस्तार देंगे.

Back to top button