मानसून किसी भी क्षण केरल में

महाराष्ट्र में 10 जून तक देगा दस्तक

नागपुर/दि.3- पिछले कुछ दिनों से राज्य में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. किसान मॉनसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं ताकि वे बुवाई शुरू कर सकें. पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि मॉनसून जल्द केरल में प्रवेश करेगा, लेकिन अब इसके आगमन में देरी हुई है. बहरहाल, मॉनसून के आगमन को लेकर एक बड़ी और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार, मॉनसून किसी भी क्षण केरल में दस्तक दे सकता है. इसके साथ ही, महाराष्ट्र में मॉनसून के आगमन को लेकर भी नया अनुमान सामने आया है.
* आठ से दस दिनों में महाराष्ट्र पहुंचेगा मॉनसून
मिली जानकारी के मुताबिक, अगले 24 घंटों के भीतर किसी भी समय मॉनसून केरल में प्रवेश कर सकता है. केरल में मॉनसून के आने के बाद, यह अगले आठ से दस दिनों के भीतर महाराष्ट्र में दस्तक दे सकता है. साथ ही, अगले पांच दिनों में राज्य में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का अनुमान भी जताया गया है.
* रत्नागिरी-कोंकण तट पर प्री-मॉनसून बारिश
इससे पहले राज्य के कई हिस्सों में प्री-मॉनसून बारिश ने दस्तक दी है. रत्नागिरी और कोंकण तटीय इलाकों में प्री-मॉनसून बारिश हुई है. सुबह से ही कई जगहों पर हल्की बारिश देखने को मिली. जिले में अगले चार दिनों तक प्री-मॉनसून बारिश की संभावना है. रत्नागिरी जिले के लिए 6 जून तक ’येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. तटीय इलाकों में तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
* बिजली कड़कने के साथ बारिश की चेतावनी
अकोला जिले में अगले चार दिनों तक मौसम में बदलाव की संभावना है. 2 जून से 5 जून के बीच कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने के साथ बारिश हो सकती है. नागपुर के प्रादेशिक मौसम केंद्र ने निर्देश दिए हैं कि नागरिक सुरक्षित स्थानों पर आश्रय लें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और मोबाइल का उपयोग करने से बचें. किसानों से अपने कृषि उत्पादों को सुरक्षित रखने की अपील की गई है, और संबंधित प्रशासन को भी आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

Back to top button