वायर चोरी का मामला सुलझा
चार आरोपी गिरफ्तार

अकोला /दि.3- खदान पुलिस ने निर्माणाधीन फ्लैट से विद्युत तार चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और नकद राशि सहित 1.05 लाख रुपये का मुद्देमाल बरामद किया गया है.
एस.एस. डेवलपर्स के सुपरवाइजर आकाश अरुण दामोदर की शिकायत पर दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की. गिरफ्तार आरोपियों में विक्रम अजय राजगुरु, ओम सावन तायडे, प्रज्वल कैलास तायडे और आदित्य राजू डोमाले शामिल हैं. पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और 15 हजार रुपये नकद जब्त किए. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक मनोज केदारे के नेतृत्व में खदान पुलिस टीम ने की.




