एमएसआरटीसी की सेवा से हजारों यात्रियों को मिल रही सुविधा

अमरावती जिले में 10 डीपो से 1200 बसेस दौड रही सडकों पर

अमरावती/दि.4 – महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एमएसआरटीसी) की बस सेवा अमरावती जिले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लाखों यात्रियों के लिए जीवनरेखा बनी हुई है. जिले में अमरावती, राजापेठ-बडनेरा, अंजनगांव सुर्जी, चांदूर रेलवे, चांदूर बाजार, दर्यापुर, मोर्शी, तिवसा, परतवाड़ा और वरुड सहित कुल 10 प्रमुख बस डिपो कार्यरत हैं. इन डिपो में प्रत्येकी 375 कर्मचारी विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं. इनमें मैकेनिक, चालक, परिचालक (कंडक्टर), तकनीकी कर्मचारी, श्रमिक, एटीआई तथा यातायात विभाग के कर्मचारी शामिल हैं. बसों से प्राप्त होने वाला राजस्व भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से जमा किया जाता है और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन प्रणाली से संचालित होती है.
* यात्रियों के लिए कई रियायतें
एमएसआरटीसी द्वारा विभिन्न वर्गों के यात्रियों को किराए में विशेष छूट प्रदान की जाती है. इसके तहत 5वीं से 12वीं तक पढ़ने वाली छात्राओं को अहिल्याबाई होलकर योजना के तहत 100 प्रतिशत रियायत दी जाती है. विद्यार्थियों के मासिक पास पर 66.67 प्रतिशत तक की छूट मिलती है. इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों के लिए विशेष बस सेवा, कौशल्य सेतू अभियान के विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, सिकल सेल एवं गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों तथा महिलाओं के लिए भी विशेष रियायतें उपलब्ध हैं. महिला सम्मान योजना के तहत सभी महिलाओं को बस किराए में 50 प्रतिशत छूट दी जाती है, जबकि 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को अमृत वरिष्ठ नागरिक योजना के अंतर्गत 100 प्रतिशत नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलती है.
* जिले में 1200 बसों का संचालन
अमरावती जिले में एमएसआरटीसी की कुल लगभग 1200 बसें संचालित हैं. इनमें साधारण (ऑर्डिनरी), शिवशाही तथा ई-बसें शामिल हैं. वर्तमान में करीब 80 साधारण बसें, 8 शिवशाही बसें और 20 ई-बसें विभिन्न मार्गों पर सेवा दे रही हैं. नई ई-बसें अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर ली गई हैं. इन बसों के चालक निजी कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए जाते हैं, जबकि कंडक्टर एमएसआरटीसी के ही कर्मचारी होते हैं.
* प्रतिदिन 600 किमी तक का सफर
एमएसआरटीसी की एक बस प्रतिदिन औसतन 600 किमी तक का सफर तय करती है. ग्रामीण क्षेत्रों में बसों के फेरे मार्ग की दूरी और यात्री संख्या के अनुसार निर्धारित किए जाते हैं. एक बस में बैठकर यात्रा करने वाले यात्रियों की क्षमता निर्धारित मानकों के अनुसार होती है, जिससे सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित की जा सके. एमएसआरटीसी की यह सेवा आज भी अमरावती जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है तथा विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम यात्रियों को किफायती एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध करा रही है.

Back to top button