जानलेवा हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

मामला अब हत्या के अपराध में तब्दील

* 20 मई को नवसारी के म. फुले नगर में हुआ था हमला
* चार आरोपियों ने किया था चाकू से किया था वार
* दो आरोपी गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
* फरार आरोपियों की तलाश में जुटी गाडगेनगर पुलिस
अमरावती/दि.4- नवसारी क्षेत्र के महात्मा फुले नगर में करीब पंद्रह दिन पहले हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई. युवक के निधन के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए जांच और तेज कर दी है. दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महात्मा फुले नगर निवासी शेखर सुनील नेतनराव (27) पर 20 मई की रात चार युवकों ने घात लगाकर हमला किया था. बताया जाता है कि किसी पुराने विवाद के चलते आरोपियों ने शेखर को घेर लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए. हमले के दौरान उसके सीने पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया. प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी रहने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर कर दिया था. नागपुर के अस्पताल में पिछले कई दिनों से उसका उपचार चल रहा था और डॉक्टर उसकी जान बचाने के प्रयास कर रहे थे. मगर गुरुवार तड़के उपचार के दौरान शेखर की मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. वहीं क्षेत्र में भी शोक का माहौल व्याप्त हो गया.
गौरतलब है कि घटना के बाद गाडगेनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. उनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. मामले के दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार पहले इस मामले में जानलेवा हमला और अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था, लेकिन घायल युवक की मृत्यु होने के बाद अब प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की हत्या संबंधी धाराएं भी जोड़ दी गई हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गाडगेनगर पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पर वरिष्ठ अधिकारियों की भी नजर बनी हुई है.

Back to top button