अमरावती में 24 घंटे दौरान तीन मर्डर
गाडगे नगर थाना क्षेत्र के जयसियाराम नगर में प्रज्वल खरे की हत्या

* एआई से अश्लील वीडियो बनाने के विवाद में मारा चाकू
* 6 नामजद, मुख्य आरोपी समेत तीन हिरासत में, अन्यों की तलाश जारी
* चांदुर रेलवे में नितिन भगत को उतारा गया मौत के घाट
* पुराने विवाद के चलते सत्तूर, फावडे और पत्थर से हमला
* संदिग्ध आरोपियों की सरगर्मी से चल रही तलाश
* 20 मई को हुए हमले में घायल शेखर नेतनराव की इलाज के दौरान मौत
* गाडगेनगर पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में जोडी हत्या की धाराएं
* एक ही दिन के दौरान हत्या के तीन मामलों से शहर सहित जिले ें में सनसनी
अमरावती/दि.4- विगत 24 घंटों के दौरान अमरावती शहर सहित जिले के पुलिस थानो में हत्या से संबंधित तीन अपराध दर्ज हुए. जिसमें से हत्या की दो वारदातें विगत 24 घंटे के दौरान गाडगेनगर पुलिस थाना क्षेत्र के जयसियाराम नगर एवं चांदुर रेलवे पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत होटल डिलाइट के पास घटित हुई. वहीं विगत 20 मई को नवसारी परिसर में हुए जानलेवा हमले में बुरी तरह घायल युवक ने आज तडके नागपुर में इलाज के दौरान दम तोड दिया. जिसके चलते इस घटना को लेकर दर्ज मामले में गाडगेनगर पुलिस ने हत्या की धाराएं जोडी है.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक एआय के जरिए छेडछाड करते हुए सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो वायरल किए जाने के मामले को लेकर गाडगेनगर पुलिस थाना क्षेत्र के जय सियाराम नगर में 6 युवकों ने प्रज्वल खरे नामक युवक पर तेज धारदार चाकू से लेस होकर हमला किया. इस हमले में बुरी तरह से घायल हुए प्रज्वल खरे की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस मामले में गाडगेनगर पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 3 संदिग्धों को अपनी हिरासत में लिया है. जबकि अन्य संदिग्धों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. वहीं हत्या की दूसरी वारदात चांदुर रेलवे शहर में घटित हुई. जहां पर किसी पुराने विवाद के चलते नितिन मोरेश्वर भगत नामक 30 वर्षीय युवक पर कुछ लोगों ने सत्तूर फावडे व पत्थर से हमला किया. इस हमले में नितिन भगत की मौके पर ही मौत हुई. घटना की जानकारी मिलते ही चांदुर रेलवे पुलिस ने अपराधिक मामला दर्ज करते हुए संदिग्ध आरोपियों की खोजबीन करनी शुरू की है. इसके अलावा हत्या का तीसरा मामला गाडगेनगर पुलिस थाने में दर्ज हुआ है. क्योंकि इस थाना क्षेत्र अंतर्गत नवसारी परिसर में विगत 20 मई की रात घटित हुए जानलेवा हमले की वारदात में बुरी तरह घायल शेखर नितनवरे नामक युवक की आज तडके नागपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई. जिसकी वजह से पुलिस ने प्राणघातक हमले के मामले को अब हत्या के मामले में तब्दील किया है.





