चांदूर रेलवे क्षेत्र में युवक की निर्मम हत्या

पुराने विवाद में वारदात की आशंका

* पत्थर, सत्तूर और फावड़े से किया गया हमला
* मौके पर ही हुई मौत, पुलिस ने दो आरोपियों को लिया हिरासत में
अमरावती/दि.4 – जिले के चांदूर रेलवे थाना क्षेत्र के राजना गांव में गुरुवार को एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. होटल आदिशक्ति ढाबा के समीप हुई इस वारदात में एक 30 वर्षीय युवक की पत्थर, सत्तूर और फावड़े से हमला कर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नितिन मोरेश्वर भगत (30, निवासी चांदूर रेलवे) के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नितिन का गांव के दो व्यक्तियों के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था. इसी पुरानी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है. चांदुर रेलवे पुलिस ने इस मामले में प्रफुल सुभाष राउत (26) व रोशन विश्वासराव मेश्राम (32, दोनों गांव राजना, तह. चांदुर रेलवे निवासी) नामक दो आरोपियों को हिरासत में लिया. जो फरार होने की तैयारी में थे.
सूत्रों के अनुसार मुताबिक नितिन भगत तथा प्रफुल राउत व रोशन मेश्राम के बीच किसी बात को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था. बीती रात दोनों आरोपियों के साथ नितिन भगत का आदि शक्ति ढाबा पर सामना हुआ. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने पहले पत्थरों से हमला किया और बाद में सत्तूर तथा फावड़े जैसे धारदार एवं घातक हथियारों का इस्तेमाल किया. हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि नितिन गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले थे. वहीं आज सुबह 7 बजे आदिशक्ति ढाबा के सामने मो. आसीफ के खेत में रक्तरंजीत शव पडा रहने की जानकारी सामने आयी.
घटना की जानकारी मिलते ही चांदूर रेलवे पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में पुरानी दुश्मनी और आपसी विवाद का एंगल सामने आया है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई. जिसके चलते प्रफुल राउत व रोशन मेश्राम नामक दो आरेापियाेंं को आज दोपहर बाद हिरासत में लिया गया.
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता पोटेवाड व एसडीपीओ अशोक थोरात के मार्गदर्शन तथा चांदुर रेलवे पुलिस स्टेशन के थानेदार अजय आखरे के नेतृत्व में पीएसआय नीतेश आझाडे व रोहित कुदले, श्रेणी पीएसआय नंदलाल निंघोट द्बारा मामले की जांच पडताल की जा रही है.
दिनदहाड़े हुई इस जघन्य हत्या से चांदूर रेलवे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.

Back to top button